आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की
- फोटो : amar ujala
लाहली में शुक्रवार रात को दबंगों ने एक घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। इस मामले में पीड़ित पक्ष ग्रामीणों के साथ शनिवार को डीएसपी डॉ. रविंद्र से मिला। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। डीएसपी ने ग्रामीणों को जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने एसपी से भी निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।
ग्रामीण रमेश कुमार ने बताया कि उसने गांव के कुछ लोगों को उधार रुपये दे रखे हैं। काफी दिनों तक रुपये नहीं मिलने के कारण रमेश ने रुपये मांगने शुरू कर दिये। पहले तो आरोपियों ने रमेश को गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद भी रमेश ने उनसे रुपये मांगे। रमेश का आरोप है कि वह शुक्रवार रात को घर पर मौजूद था। इसी बीच गांव के चार युवक लाठी, डंडों और हथियार के साथ घर में घुस गए। इसके बाद आरोपियों ने रमेश पर हमला बोल दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रमेश का आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। रमेश सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जल्द कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर विक्रम सिंह, दलबीर लाहली, पूर्ण सिंह, अमित, दिनेश, प्रवीण और गौतम मौजूद रहे।