Cremated eight corona-infected bodies, four in waiting
- फोटो : RohtakCity
कोरोना संक्रमण के चलते एक ओर हालात बिगड़ते जा रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर लोग मास्क न लगाकर लापरवाही बरत रहे हैं। हर रोज कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं बाजारों में बिना मास्क के लोगों की भीड़ घूम रही है, दूसरी तरफ पीजीआईएमएस में 4 शव अंतिम संस्कार के लिए वेटिंग सूची में चल रहे हैं। क्योंकि नगर निगम के पास हर रोज मात्र 4 संस्कार करने की क्षमता है। फिर भी आठ शवों का सुबह व शाम को संस्कार हो रहा है। बावजूद इसके शव अंतिम संस्कार के लिए वेटिंग लिस्ट में हैं।
पीजीआईएमएस में प्रदेश भर से कोरोना संक्रमित मरीज आ रहे हैं। सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला ने बताया कि पीजीआईएमएस में औसतन सात से आठ मरीजों की कोरोना उपचार के दौरान मौत हो रही है। जिले में तीन दिन से लगातार तीन-तीन संकमितों ने दम तोड़ा है। लोगों से अपील है कि वह संक्रमण को हल्के में न लें और बगैर मास्क के बाहर न निकलें।
बाजारों में बिना मास्क घूम रहे लोग, निगम का स्टॉक खत्म
उधर, बाजारों में बिना मास्क के लोग घूम रहे हैं। किला रोड, रेलवे रोड, दिल्ली रोड, सोनीपत स्टैंड से लेकर हर जगह 80 प्रतिशत लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं। नगर निगम की टीम ने वीरवार को बड़ा बाजार में मास्क न लगाने पर 50 चालान काटे। जबकि भिवानी स्टैंड पर 10 लोगों के चालान काटे। वहीं बुधवार को निगम की टीम ने 25 लोगों का दिल्ली रोड, शीला बाईपास व सुखपुरा चौक पर 500-500 रुपये का चालान काटा था। उधर, निगम को मुफ्त में लोगों को हर रोज मास्क बांटने थे, लेकिन वीरवार को मास्क का स्टॉक खत्म हो गया।