पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय महामारी कोविड-19 से जंग लड़ने को तैयार है। इस जंग में संस्थान का पीसीसीएम () विभाग सबसे पहली पंक्ति में रहेगा और इसके सेनापति प्रमुख नोडल अधिकारी डॉ. ध्रुव चौधरी होंगे। आइसोलेशन वार्डों की जिम्मेदारी मेडिसन विभाग को दी गई है, जोकि पीसीसीएम विभाग की गाइडलाइन के हिसाब से ही मरीजों को उपचार देंगे व छुट्टी देंगे। इसके अलावा चयनित टीम धनवंतरी अपैक्स ट्रामा सेंटर का दौरा करती रहेगी और इसे कोविड अस्पताल बनाने की तैयारियों का जायजा लेगी।
संस्थान में हुई चिकित्सा अधीक्षक की बैठक में विभिन्न विभागाध्यक्षों ने कोविड-19 के खिलाफ जंग की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें पीसीसीएम, ईएनटी, मेडिसिन, चेस्ट एंड टीबी, एनेस्थिसिया आदि विभाग के डॉक्टरों ने अपना-अपना पक्ष रखा। फ्लू क्लीनिक के प्रभारी डॉ. भार्गव ने बताया कि उन्होंने अपने विभाग के डॉक्टरों का रोस्टर बना दिया है। यहां आने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इनके पास जरूरत के हिसाब से मास्क, सैनिटाइजर व पीपीई किट उपलब्ध हैं। वहीं वार्ड 24 में आईसोलेशन में रखे जाने वाले मरीजों की देखरेख मेडिसन विभाग के पास रहेगी। ये किसी मरीज का उपचार, छुट्टी पीसीसीएम विभाग के कंसलटेंट के अनुसार ही करेंगे। वहीं कम्यूनिटी मेडिसन को जागरूकता के लिए फ्लेक्स बनवाने का काम सौंपा गया है। साथ ही सुरक्षा कर्मचारियों को थ्री लेयर मास्क उपलब्ध कराया जाएगा जो विशेष जगह पर ड्यूटी करेंगे।
एक सप्ताह ड्यूटी करने के बाद दो सप्ताह रहेंगे क्वारंटीन
कोविड 19 का उपचार करने वाले डॉक्टर, नर्स एक सप्ताह की ड्यूटी करने के बाद दो सप्ताह के लिए स्वयं को क्वारंटीन रखेंगे। इससे वह अपने परिजनों को संक्रमण के खतरे से बचा सकते हैं। यदि किसी को लक्षण दिखाई देंगे तो वह अपनी जांच करवाएगा। सभी को ब्लॉक-सी को इस मामले के लिए रिपोर्ट करना होगा।
एंबुलेंस टीम की सुरक्षा का किया इंतजाम
कोविड-19 के मरीज की छुट्टी के बाद उसे घर तक एंबुलेंस से छोड़ा जाएगा। इसके अलावा एक जगह से दूसरी जगह मरीज को शिफ्ट करने वाली एंबुलेंस व चालक तय करेंगे कि पूरा वाहन सैनिटाइज होना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग से भी मदद ली जाएगी। चालकों को एन-95 मास्क व थ्री लेयर मास्क दिए जाएंगे। यदि किसी पॉजिटिव मरीज को लाना या ले जाना पड़ता है तो चालक को पूरी सुरक्षा किट दी जाएगी।
ऑर्थो व सर्जरी के ऑपरेशन हो जाएंगे शिफ्ट
धनवंतरी अपेक्स ट्रामा सेंटर को कोविड अस्पताल बनाने के बाद यहां होने वाले काम आपातकालीन विभाग में शिफ्ट हो जाएगा। यहां के जरूरी ऑपरेशन एक्सिडेंटल एमरजेंसी व सामान्य आपॅरेशन थियेटर में होंगे। यहां अभी इलेक्टिव सर्जरी ही हो रही हैं।
कपड़े के मास्क बनाने के निर्देश
बैठक में तय हुआ है कि सेंट्रल स्टोर को निर्देश दिया जाए कि वह कपड़े के मास्क तैयार करें। इन्हें मरीजों को दे कर संक्रमण फैलने से रोका जा सकेगा। वहीं कहा गया कि जिन डॉक्टरों, नर्सों व स्टाफ को एन-95 मास्क उपलब्ध कराया जा रहा है, वह इनका इस्तेमाल ध्यान से करें। अन्य विभागों में इनका सही प्रयोग हो रहा है यह तय करने की ड्यूटी डॉ. वरुण अरोड़ा को दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि हर जगह से मास्क की डिमांड बढ़ती जा रही है।