संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। प्रदेश की स्वच्छता रैंक में पिछड़े नगर निगम ने ढांचागत व्यवस्था में तो सुधार किया ही है, साथ ही अब पार्षद स्वच्छता परखने इंदौर व बंगलूरू भी जाएंगे। वहां से अपने शहर को स्वच्छ बनाने का फार्मूला सीखेंगे और वहां से लौटकर उसी तर्ज पर रोहतक शहर को स्वच्छ बनाएंगे।
इस बार होने वाले सर्वेक्षण में स्वच्छता रैंकिंग बढ़ाने के दिशा में निगम ने इसकी योजना बनाई है। इसका प्रस्ताव निगम हाउस की बैठक में सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से पास किया हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के बाद इसकी फाइल अप्रूवल के लिए स्थानीय निकाय निदेशालय के पंचकूला स्थित ऑफिस भेज दी गई है। वहां से अब इसकी अप्रूवल का इंतजार है। अप्रूवल के बाद ही बजट सहित तमाम आगामी कार्यवाही तय होगी।
नगर निगम की ओर से पार्षदों के इस तरह से टूर की योजना पिछली टर्म में भी बनी थी लेकिन सिरे नहीं चढ़ी। अब डिजिटल युग में तकनीकी की मदद से देश-दुनिया में किसी भी नगर निगम की व्यवस्थाओं को आसानी से देखा व समझा जा सकता है। महिला पार्षदों के साथ परिवार से जुड़ी कई तरह की समस्याएं भी आ सकती हैं।
- कंचन खुराना, वार्ड 14, निगम पार्षद
-
प्रदेश में रोहतक को स्वच्छता में फिर से नंबर एक बनाने की दिशा में पार्षदाें के लिए इस तरह का टूर आवश्यक है ताकि म्हारे सभी पार्षद वहां से स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण आदि के तमाम गुर सीखकर आएं। वहां से सीखे फार्मूलों को यहां लागू करने के साथ ही यहां लोगों को जागरूक भी करेंगे।
- नीरा भटनागर, वार्ड 6, निगम पार्षद
-
रोहतक नगर निगम को नंबर एक बनाने के लिए स्थानीय पार्षदों को दूसरे प्रदेशों के निगम का टूर कराने का प्रस्ताव हाउस की बैठक में पास हुआ है। इसकी अप्रूवल का इंतजार है। इस प्रकार के टूर पार्षदों के लिए ज्ञानवर्धन के साथ ही निकाय के विकास में सहायक होते हैं।
- रामअवतार वाल्मीकि, मेयर, नगर निगम रोहतक
-