रोहतक। प्रॉपर्टी टैक्स जमा न कराने वालों के खिलाफ सोमवार को भी निगम की सख्ती जारी रही। टैक्स ब्रांच की टीम सुरक्षा कर्मियों के साथ डी पार्क, मॉडल टाउन, ग्रीन रोड, गोहाना रोड, हिसार रोड व रैनकपुरा में पहुंची। डी पार्क व मॉडल टाउन में टैक्स जमा न कराने पर दो दुकानें सील कर दी गई, जबकि डेयरी संचालक सहित चार बिल्डिंग मालिकों ने दो से तीन दिन टैक्स जमा कराने के लिए समय मांगा। जबकि अस्तबल व मोबाइल टावर सहित चार बिल्डिंग के बिल में त्रुटि मिली।
जोनल टैक्स ऑफिसर अशोक कुमार ने बताया कि नगर निगम का 50 लाख के करीब टैक्स बकाया है। बार-बार नोटिस के बावजूद कई बिल्डिंग मालिक टैक्स जमा नहीं करवा रहे हैं। इसके चलते सोमवार को निगम की टैक्स ब्रांच की टीम डी पार्क पर पहुंची। एक दुकानदार पर पांच लाख के करीब टैक्स बकाया था, लेकिन दुकान बंद मिली। किसी के न आने पर दुकान को सील कर दिया गया। इसके बाद टीम मॉडल टाउन में गई, जहां एक मार्केट के अंदर तीसरे फ्लोर पर दुकान को सील किया गया। दुकान मालिक की तरफ छह लाख के करीब टैक्स बकाया था। वहां से टीम सुभाष नगर में पहुंची, जहां एक कंपनी का टावर लगा था। टावर संचालक ने कहा कि उसके बिल में टावर की जगह दुकान लिखा हुआ है। पहले उसका बिल ठीक किया जाए। वहां से टीम तहसील रोड पर गई, जहां एक बिल्डिंग की दो आईडी मिली। बिल्डिंग मालिक को नये सिरे से बिल दिया जाएगा। फिर टीम गोहाना रोड पर स्थित घोड़ों के अस्तबल में पहुंची। अस्तबल मालिक की तरफ निगम ने सवा 4 लाख रुपये बिल बकाया बताया। अस्तबल मालिक ने कहा कि बिल में थोड़ी त्रुटि है, दो दिन में ठीक करवाकर टैक्स जमा करवा दिया जाएगा। वहां से टीम रैनकपुरा में पहुंची, जहां डेयरी मालिक ने कहा कि बेटा चंडीगढ़ गया हुआ है। उसके आने पर टैक्स जमा करवा देंगे। इसके बाद टीम ने हिसार रोड पर भी कार्रवाई की।