सहकारी समितियों को सरकार की नीति के अनुसार विभिन्न विभागों से काम दिलवाया जाएगा।
यह बात शनिवार को रोहतक से भाजपा विधायक मनीष ग्रोवर ने कही।
वे दी हरियाणा राज्य सहकारी एवं निर्माण प्रसंघ लिमिटेड पंचकूला और दी जिला श्रम एवं सहकारी प्रसंघ लिमिटेड की ओर से स्थानीय मैना पर्यटन केंद्र में आयोजित सरकारी सप्ताह समारोह 2015 में एक विचार संगोष्ठी में बोल रहे थे।
उन्होेंने कहा कि कइयों ने ठेकेदार का लाइसेंस भी ले रखे है और सहकारी समिति भी बना रखी हैं। ऐसा नहीं चलेगा।
सहकारी समिति केवल सहकारी समिति ही रहे। उन्होंने सहकारी समितियों से कहा कि वे यूनियन न बनाएं, क्योंकि इससे सरकार व अधिकारियों द्वारा पारदर्शी तरीके से सुचारु कार्य करने में दिक्कत आती है।
पदाधिकारियों ने विधायक के सामने सहकारी समितियों को अधिकारियों द्वारा सरकारी कार्यों से वंचित करने की शिकायत रखी गई। इस पर ग्रोवर ने कहा कि मौजूदा सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम पेट तक रोटी पहुंचे।
उन्होंने सहकारी समितियों को पूरा सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात करके बजट का दायरा भी तय करवाएंगे।
इस मौके पर दी हरियाणा राज्य सहकारी श्रम व निर्माण प्रसंघ लि. के कार्यकारी अभियंता सरबजीत सिंह, नेशनल फेडरेशन नई दिल्ली के निर्देशक डॉ. नरेंद्र राणा, दी रोहतक जिला सहकारी श्रम व निर्माण प्रसंघ लि. रोहतक के प्रबंधक राजेश कुमार, अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष मीरा देवी, निदेशक सरोज देवी, कश्मीरी लाल, नरेंद्र्र कुमार, नरेंद्र सिंह, वेदप्रकाश बहल, दी हरियाणा राज्य सहकारी श्रम व निर्माण प्रसंघ के आरएस छिल्लर, दी सोनीपत जिला सहकारी श्रम व निर्माण प्रसंघ लि. के अध्यक्ष महेंद्र सिंह मलिक, जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता टीआर पंवार, नगर निगम रोहतक के एमई केके सिंगला, लोक निर्माण व सिंंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र बंसल और जिला भाजपा उपाध्यक्ष जोगेेंद्र सैनी मौजूद रहे।