रोहतक। टिटोली गांव में शुक्रवार को डॉक्टरों की टीम ने 70 लोगों की जांच की, जिसमें 9 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उधर, गांव में कोरोना केयर सेंटर के लिए आर्य समाज ने प्रशासन को ऑक्सीजन जेनरेटर व 20 बेड देने का प्रस्ताव रखा है। सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा कि स्वामी इंद्रवेश विद्यापीठ टिटोली की ओर से गांव के लोगों को इस संकट के दौर से निकालने व उन्हें ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने के लिए इस कार्य की अपील प्रशासन से की गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन व जिला स्वास्थ्य विभाग डॉक्टरों की टीम की व्यवस्था करे व उसको निरंतर संचालित करने की जिम्मेदारी ले ताकि आसपास के गांव के लोगों को भी उसका लाभ मिल सके।
टिटोली में पिछले 7 दिनों से निरंतर ट्रैक्टर ट्रॉली में यज्ञ चल रहा है। कई घंटों तक निरंतर गांव की गलियों में विभिन्न जड़ी-बूटियों से आहुतियां दी जा रही हैं। साथ ही लोगों का मनोबल बढ़ाने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली में माइक लगाकर हर गली चौराहे पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। स्वामी आदित्यवेश ने कहा कि यज्ञ एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है तथा यह वैदिक संस्कृति का प्राण है। यज्ञ प्रकृति का प्राणायाम है। इसमें विभिन्न जड़ी-बूटियां व औषधियां डाली जाती हैं जिससे वातावरण शुद्ध होता है। बहन प्रवेश आर्या ने बताया कि आज गांव में मास्क भी बांटे गए। लोगों को जागरूक किया गया कि वे मास्क का इस्तेमाल करें और कोरोना के मामले में सावधान रहें। आज गांव में 7 बजे तक किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। सुबह यज्ञ के समय स्वामी ब्रह्मानंद, अजयपाल आर्य, रजनेश आर्य, अमित आर्य व मनीष आर्य उपस्थित रहे।