कोरोना संक्रमण की दूसरी पीक के दौरान नवंबर माह में पहली बार संक्रमित मरीजों का रिकवरी रेट 91.26 फीसदी हो गया है। अब तक 9702 कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। हालांकि 127 ने उपचार के दौरान पीजीआईएमएस में दम तोड़ दिया है। इससे पहले रिकवरी रेट 90 प्रतिशत के आसपास रहा। रविवार को 64 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसके चलते जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 10630 पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में जिले में कोरोना मरीजों का संक्रमण प्रतिशत 5.20 फीसदी बताया गया है। वर्तमान में संक्रमण दर अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा सामने आया है। रविवार को जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 801 हो गई है, इसमें से 65 पीजीआईएमएस में उपचाराधीन हैं और 872 होम आइसोलेशन पर हैं। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 2359 कोरोना के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। अधिकारियों ने कोरोना की दूसरी पीक में रिकवरी रेट के बढ़ने से राहत की सांस ली है।
दो ने तोड़ा दम
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को कोरोना संक्रमित दो और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा 127 पहुंच गया है। एक दिन में सेक्टर चार की 48 साल की महिला व बड़ा बाजार में 55 साल के व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। दोनों का उपचार पीजीआईएमएस से चल रहा था।
ये मिले संक्रमित
पांच विद्यार्थी, दो शिक्षक, एयरपोर्ट लखनऊ का स्टाफ, मजदूर, वैश्य स्कूल, दुकानदार, निजी डॉक्टर, बुजुर्ग, बिजनेसमैन, हुडा विभाग, पीजीआईएमएस का स्टाफ, एलआईसी का स्टाफ, गवर्नमेंट कॉलेज का स्टाफ, एचडीएफसी बैंक स्टाफ, नेकी राम कॉलेज की लाइब्रेरी का स्टाफ, आईआईएम रोहतक का स्टाफ आदि संक्रमित मिले हैं।