चार दिनों पूर्व पुणे से आए ट्रांसपोर्टर के परिवार की महिला कोरोना संक्रमित मिली जबकि परिवार के सात अन्य सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव निकली। बौदकलां निवासी ये परिवार दो साल से पुणे में रहता था। इस प्रकार अब तक जिले में कोरोना पॉजिटिव के सात केस मिल चुके हैं। संक्रमित महिला को भर्ती कर लिया गया है। वहीं, बौंदकलां क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव यह दूसरा केस है और एक संक्रमित ठीक होकर घर लौट चुका है।
डिप्टी सीएमओ डॉ.चंचल तोमर ने बताया कि बौंद खुर्द निवासी परिवार पिछले दो सालों से पुणे रह रहा था। गत 20 मई को परिवार अपनी कार से बौंद खुर्द वापस आया। कार में आठ लोग सवार होकर आए थे जिनमें दो तीन पुरुष, दो महिला व तीन बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गत 21 मई को उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। शनिवार सुबह आठों की रिपोर्ट विभाग के पास पहुंची है। उन्होंने बताया कि परिवार के सात सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव है जबकि 27 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उन्होंने बताया कि महिला का पति पुणे में ही ट्रांसपोर्टर है। बौंद खुर्द गांव में कोरोना पॉजिटिव पहला केस है और इस गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित करने की योजना जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है।
इससे पहले जिले में छह कोरोना संक्रमित केस मिल चुके हैं। पहला केस हिंडोल गांव मिला था और यह गांव भी बौंदकलां क्षेत्र का है। हालांकि हिंडोल निवासी संक्रमित ठीक होकर अपने घर लौट चुका है। इस समय जिले में छह एक्टिव केस हैं। गत 19 मई को घिकाड़ा निवासी टीवी कलाकार और झज्जर जिले के मुबारकपुर गांव निवासी युवक भी कोरोना संक्रमित मिला था। उनसे पहले दादर नगर हवेली से लौटी कोरोना संक्रमित मिली थी।
तीन संक्रमितों की दूसरी रिपोर्ट आ चुकी निगेटिव
जिले में फिलहाल छह कोरोला सक्रिय केस हैं। उनमें से तीन की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। दो की दूसरी रिपोर्ट आने का विभाग को इंतजार है। दादरी नगर हवेली से लौटी महिला सहित झोझू कलां निवासी ट्रक चालक और गोविंदपुरा निवासी ट्रांसपोर्टर की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। वहीं, संक्रमित टीवी कलाकार और मुबारकपुर निवासी युवक की दूसरी रिपोर्ट का अभी इंतजार है।
2413 सैंपल भेजे, 2215 की रिपोर्ट पहुंची निगेटिव
शनिवार सुबह तक जिले से 2413 सैंपल जांच के लिए रोहतक पीजीआई भेजे गए हैं। दोपहर तक इनमें से 2215 लोगों की निगेटिव रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची है। डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने बताया कि 1285 लोग सर्विलांस का समय पूरा कर चुके हैं जबकि 1196 लोगों को होम क्वारंटीन कर रखा है। 41 लोगों को आइसोलेशलन वार्ड में रखा गया है जबकि 12 क्वारंटीन सेंटर में हैं। अभी 192 रिपोर्ट आना लंबित है।
पुणे से लौटी महिला कोरोना संक्रमित मिली है जबकि उसके परिवार के सात सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। संक्रमित महिला को हमने आइसोलेट कर दिया है। अब जिले में कोरोना एक्टिव छह केस हैं।
- डॉ.चंचल तोमर, डिप्टी सीएमओ