जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वालों की संख्या शुक्रवार तक 1112 पहुंच गई। वहीं ब्रेन ट्यूमर से ग्रस्त एक व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अभी तक जिले में 17 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को 30 नये संक्रमितों की पुष्टि हुई है। 72 मरीज पीजीआईएमएस में उपचाराधीन हैं जबकि 285 मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं। राहत की खबर यह है कि 15 नये मरीज के साथ ठीक होने वालों की संख्या 737 है7 विभाग जिले में 29160 लोगों का कोविड सैंपल कर चुका है, इसमें से 28032 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कलानौर का व्यक्ति ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी के बाद हुआ था संक्रमित
जिले में कलानौर निवासी 41 वर्षीय व्यक्ति ने पीजीआईएमएस में कोरोना के उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। हालांकि मरीज पहले से ब्रेन ट्यूमर से ग्रस्त था। व्यक्ति की मौत के साथ जिले में कोरोना संक्रमण से मौत का आंकड़ा 17 पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि मरीज का 20 जून को न्यूरो सर्जरी विभाग ने ब्रेन ट्यूमर का ऑपरेशन किया था। वह नौ जुलाई की जांच में कोविड पॉजिटिव मिला। मरीज को सांस लेने में समस्या हुई तो 10 जुलाई को ट्रामा सेंटर के आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था। स्थिति बिगड़ने पर 15 जुलाई को मरीज को वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया। ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ने पर 16 जुलाई को देर शाम उसने दम तोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार मरीज को कोरोना की सबसे महंगी दवा भी दी गई, लेकिन कामयाबी हासिल नहीं हो सकी।
यहां-यहां मिले संक्रमित
कलानौर का छात्र, सेक्टर-14 का टिंबर शॉप संचालक, खरकड़ा की महिला, सुखुपरा चौक का फोटोग्राफर, शिक्षा भारती स्कूल के पास आयुर्वेद डॉक्टर, हुडा कांप्लेक्स पर फैक्टरी कर्मचारी, सेक्टर-एक का बिजनेसमैन, एकता कॉलोनी में गुरुग्राम जॉब करने वाली युवती, काठमंडी में भिवानी नौकरी करने वाला, किला मोहल्ला का बुजुर्ग, नानकपुरा का बुजुर्ग, डी-पार्क का गारमेंट शॉप संचालक, शीतल नगर में अकाउंटेंट, मेन बाजार सांपला की महिला व किला रोड की महिला संक्रमण की चपेट में आई है।
एक जगह पर मिले मरीज
नारायण कांप्लेक्स : एक-एक माह के दो बच्चे
झंग कॉलोनी : बुजुर्ग, बिजनेस मैन, विद्युत विभाग कर्मी और छात्र
रेलवे रोड : कैटल फूड विक्रेता व औरत
पटेल नगर : छात्र व गृहिणी
गांधी कैंप : छात्र महिला
शिवाजी कॉलोनी : छात्रा व बुजुर्ग
कलानौर : दो छात्र व महिला
राजीव गांधी विद्युत सदन में मिले दो संक्रमित
राजीव गांधी विद्युत सदन में एक महिला व एक पुरुष के कोरोना संक्रमित मिलने पर हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि एक संक्रमित कार्यकारी अभियंता कार्यालय से हैं। इसके अलावा एक अन्य को भी संक्रमण मिला है। एहतियात के तौर पर यहां फोगिंग करवा दी गई है।