लाहली स्थित बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में शॉट खेलते हरियाणा टीम के कनिष्क चौहान। संवाद
कूच बिहार ट्राॅफी के लिए चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम लाहली में हरियाणा व गोवा के बीच चल रहा मैच तीसरे दिन रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। शुक्रवार को गोवा की टीम 310 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। गोवा ने हरियाणा के सामने 130 रन का लक्ष्य रखा है।
शुक्रवार दाेपहर बाद दूसरी पारी शुरू करते हुए हरियाणा की टीम शाम को खेल समाप्त होने तक 55 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। अब जीत के लिए हरियाणा को 75 रन की जरूरत है, जबकि शनिवार को मैच का अंतिम दिन व हाथ में छह विकेट शेष रही हैं।
गोवा की टीम ने शुक्रवार को तीसरे दिन खेलते हुए दस विकेट पर 310 रन का स्कोर खड़ा किया। दोनों पारियों के रन मिलाकर गोवा ने हरियाणा के समक्ष 130 रन का लक्ष्य रखा। गोवा की ओर से यश कसवांकर ने सबसे अधिक 289 गेंद पर 101 रन बनाए। इसके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज 46 रन के स्कोर से ऊपर नहीं जा पाया। चित्तेन जीवन कुमार व यश कसवांकर की जोड़ी ने 77 और अनुज यादव व यश कसवांकर की जोड़ी ने 71 रन की शानदार साझेदारी से टीम को बढ़त दिलाने का काम किया।
हरियाणा ने गोवा के 130 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दोपहर बाद बल्लेबाजी शुरू की। शाम को खेल समाप्त होने तक 55 रन पर टीम के चार विकेट गिर गए। अब टीम को जीत के लिए 75 बनाने हैं, जबकि छह विकेट शेष हैं। शनिवार को अंतिम दिन के खेल में हरियाणा के लिए 75 रन का लक्ष्य हासिल करना चुनौतीपूर्ण रहेगा।