संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। चौधरी बंसीलाल स्टेडियम लाहली में खेले गए कूच बिहार ट्रॉफी का मैच मंगलवार को डेढ़ दिन में ही खत्म हो गया। इसमें हरियाणा ने तमिलनाडु को 212 रन से हराया। हरियाणा के तन्मय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे मैच में 14 विकेट लिए।
हरियाणा ने मंगलवार को दूसरी पारी की शुरुआत की कुछ खास नहीं रही व 14 रन पर पहला विकेट गंवा दिया। फिर यश व युवराज ने शानदार बल्लेबाजी की। 97 रन पर दूसरा विकेट गिरने के बाद विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा व पूरी टीम 190 पर ऑलआउट हो गई।
तमिलनाडु को 292 रन का लक्ष्य मिला। हरियाणा की ओर से यश ने 60, युवराज ने 34 व तन्मय ने नाबाद 26 रन बनाए। तमिलनाडु की ओर से हेमचुदेशन ने 6 व बीके किशोर ने 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए तमिलनाडु पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी सस्ते में निपट गई।
तमिलनाडु अपनी दूसरी पारी में केवल 79 रन पर ऑलआउट हो गई व हरियाणा ने 212 रन से मैच जीता। तमिलनाडु की ओर से बेनी हिन वी ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए। हरियाणा की ओर से तन्मय ने पांच, आरव ने चार व विष्णु ने एक विकेट लिया। इससे पहले हरियाणा ने पहली पारी में 171 बनाए। तमिलनाडु ने पहली पारी में 79 रन बनाए। हरियाणा की ओर से तन्मय ने 9 विकेट लिए।