रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत इस बार उत्सव के साथ करेगा। इसी कड़ी में विवि परिसर में 28 जुलाई से तीन दिवसीय दीक्षारंभ उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव की तैयारियां कर ली गई हैं। नव प्रवेश प्राप्त स्नातक विद्यार्थियों के स्वागत व मार्गदर्शन के लिए आयोजित इस उत्सव का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि करेंगे।
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग के नेतृत्व में रविवार को आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें दीक्षारंभ उत्सव की समस्त तैयारियों की समीक्षा की गई। विभिन्न समितियों को सौंपे गए कार्यों की प्रगति का जायजा लिया व उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की शुरुआत को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम है। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी स्वयं को विश्वविद्यालय के परिवेश में सहज महसूस करें और आत्मविश्वास के साथ अपने शैक्षणिक सफर की शुरुआत करें।
उत्सव के तहत विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की संरचना, नियमावली, पाठ्यक्रमों की जानकारी, शोध व कॅरिअर विकल्पों से अवगत कराया जाएगा।