रोहतक। रेलवे जंक्शन नवीनीकरण के पहले फेज का कार्य शुरू हो चुका है। यात्रियों को धूल से बचाने के लिए टीन शैड भी स्टेशन पर लगा दिया गया है। फिलहाल वेटिंग हॉल के लिए अस्थायी जगह न मिलने पर वेटिंग हाॅल को अभी नहीं तोड़ा जाएगा। पहले फेज में जंक्शन भवन, अधिकारियों के कार्यालय और यात्रियों की सुविधा के लिए कार्य होंगे। इसके बाद फ्यूचर बिल्डिंग, शैड, फुट ओवरब्रिज का निर्माण, स्टोर समेत अन्य निर्माण दूसरे फेज में किए जाएंगे।
जंक्शन के नवीनीकरण पर करीब 29.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। जंक्शन का नया भवन शानदार और बहुत सी सुविधाओं से लैस होगा। शुरुआत में नए भवन के निर्माण को लेकर फाउंडेशन का कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। इसके साथ-साथ पुरानी बिल्डिंग को तोड़ने का कार्य भी चल रहा है जो कि अभी कई दिनों तक चलेगा। वहीं मलबा भी साथ की साथ हटाया जा रहा है। यह कार्य केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है। रेलवे जंक्शन का नया भवन बनने के बाद यात्रियों के लिए परिसर में बड़ा वेटिंंग हाॅल बनेगा, जिसमें यात्री ट्रेनों के देरी होने पर वहां आराम कर सकते हैं। इसके अलावा रिफ्रेशमेंट रूम और कर्मचारियों को आराम करने के लिए भी कमरों का निर्माण होगा। धूप और बारिश से बचने के लिए यात्रियों को शैड की सुविधा भी मिलेगी। जंक्शन के भवन के लगते स्टॉल भी खोले जाएंगे।
वर्जन
जंक्शन के नए भवन का निर्माण कार्य जोरो पर है। यात्रियों को धूल मिट्टी से बचाने के लिए शैड लग चुके है। ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
बीएस मीणा, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे जंक्शन