पत्रकारों से बातचीत करते पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा। विज्ञप्ति
रोहतक। कांग्रेस पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में अपनी मजबूत हाजिरी दर्ज करवाएगी। यह दावा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने करते हुए कहा कि वह अपनी पार्टी की ओर से स्टार प्रचारक रहे हैं। उन्होंने माहौल देखा है, इसी आधार पर वह कह रहे हैं कि कांग्रेस पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में सरकार बनाने जा रही है। यूपी में भी कांग्रेस मजबूत हाजिरी दर्ज करवाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरवार को जिले में आयोजित सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश बेरोजगारी, अपराध और महंगाई में नंबर वन बन गया है। आज प्रदेश का युवा देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी झेल रहा है। सीएमआईई (सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी) के मुताबिक 23.4 प्रतिशत बेरोजगारी दर के साथ प्रदेश सभी राज्यों से आगे है। यह वही संस्था है जिसके आंकड़े दिखाकर भाजपा यूपी में वोट मांग रही है। आंकड़ों से स्पष्ट है कि गठबंधन सरकार रोजगार सृजन में नाकाम है। इसे छिपाने के लिए सरकार प्राइवेट नौकरियों में 75 प्रतिशत आरक्षण का जुमला उछाल रही है। वर्तमान सरकार ने हरियाणा निवास प्रमाण पत्र की शर्त को 15 से घटाकर पांच साल कर दिया है। इससे अन्य राज्य का कोई भी व्यक्ति आसानी से यहां का डोमिसाइल हासिल कर प्रदेश में रोजगार हासिल कर सकेगा। इससे प्रदेश की नौकरियों में अन्य राज्य के लोगों की भागीदारी और बढ़ेगी। यानी 75 प्रतिशत के जुमले से मूल निवासियों को कोई लाभ नहीं होने वाला है। इसके विपरीत पांच साल के डोमिसाइल का खामियाजा प्रदेश की आने वाली पीढ़ियों तक को भुगतना पड़ेगा। नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि आज हर महकमा कर्मचारियों की किल्लत झेल रहा है क्योंकि सरकार खाली पदों पर भर्ती नहीं कर रही है। आलम यह है कि अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं और स्कूल-कॉलेज में टीचर। सरकारी दफ्तरों की बजाय कर्मचारी सड़कों पर है क्योंकि वो सरकार की नीतियों से परेशान हैं। प्रदेश की 52 हजार आंगनबाड़ी वर्कर्स पिछले ढाई महीने अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं। लेकिन सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है। आने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस उनकी मांगों को पुरजोर तरीके से उठाएगी।