फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस ने दी लकवाग्रस्त अर्थव्यवस्था, पीएम मोदी ने भारत को बनाया आर्थिक ताकत : निमूबेन बांभनिया

विज्ञापन
विज्ञापन
रोहतक। केंद्रीय राज्य मंत्री निमूबेन बांभनिया ने कहा है कि कांग्रेस राज में देश की अर्थव्यवस्था लकवाग्रस्त थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को दुनिया में आर्थिक ताकत बनाया है। अब भारत दुनिया की पांचवीं आर्थिक शक्ति है, जबकि कांग्रेस राज में 11वां स्थान था। पांच साल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन की ओर से पेश किया गया बजट देश की 141 करोड़ जनता के सपनों को पूरा करेगा। केंद्रीय मंत्री शनिवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में जिलास्तरीय बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।
विज्ञापन

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार का यह बजट युवाओं, महिलाओं, अन्नदाता और गरीबों को सुविधाएं देने वाला है। बजट मुख्य रूप से नौ बिंदुओं पर फोकस किया गया है, जिसमें कृषि, रोजगार, युवा, सामाजिक कल्याण, मैन्युफैक्चरिंग, सर्विसिंग, ऊर्जा, शहरी और ग्रामीण विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा व सुरक्षा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कृषि का हरियाणा की अर्थव्यवस्था में 50 प्रतिशत योगदान है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि मोदी सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में 1 करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती में शामिल करने का है। सरकार ने इसके लिए 5906 एकड़ जमीन को प्राकृतिक खेती के चयनित किया है। उन्होंने कहा कि पांच साल में भाजपा सरकार ने 20 लाख युवाओं को हुनरमंद बनाया है। उच्च शिक्षा के लिए युवाओं को 10 लाख रुपये तक के ऋण की व्यवस्था भी इस बजट में की है। बजट में मोदी सरकार ने पांच साल में 4 करोड़ 10 लाख युवाओं को रोजगार देने और युवाओं को ट्रेंड करने के लिए 2 लाख करोड़ का प्रावधान किया है।
विज्ञापन

हरियाणा के 50 लाख 87 हजार युवाओं को मिला है मुद्रा योजना का लाभ
केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि, स्टैंडअप इंडिया जैसी योजनाओं का गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत और रोहतक के कारीगरों को लाभ हो रहा है। सरकार ने मैन्युफैक्चरिंग क्रेडिट गारंटी की घोषणा की है, इससे पानीपत, करनाल, फरीदाबाद जैसे मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को काफी सहायता मिलेगी। छोटे उद्योगों को मिलने वाली मुद्रा योजना का दायरा बढ़ाकर 20 लाख कर दिया है। पीएम मुद्रा के तहत अब तक हरियाणा के 50 लाख 87 हजार युवाओं को लाभ मिल चुका है।
1 करोड़ घरों को 300 यूनिट तक बिजली फ्री देने का लक्ष्य
निमुबेन बांभनिया ने कहा कि मोदी सरकार ने एक करोड़ घरों को 300 यूनिट फ्री बिजली देने का संकल्प बजट में लिया है। इसके लिए सरकार ने शहरी व ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सड़क योजना का चौथा चरण शुरू कर दिया है। 25 हजार बस्तियों को सड़कों के माध्यम से शहरों से जोड़ना है।
खाटूवास-नारनौल और बवानी खेड़ा के बीच होगा रेलवे ट्रैक डबल
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर प्रदेश में तेज गति से काम हो रहा है। प्रदेश में रेलवे नेटवर्क मजबूत हुआ है। खाटूवास-नारनौल और बवानी खेड़ा के बीच रेलवे ट्रैक को डबल कराने के लिए सरकार ने 726 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। रक्षा बजट के लिए सरकार ने 6 लाख 82 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसका लाभ हरियाणा के जवानों को होगा। सम्मेलन में जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह ढाका, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप जैन, निवर्तमान मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश सचिव एवं पूर्व मेयर रेनू डाबला, प्रदेश कोषाध्यक्ष अध्यक्ष अजय बंसल, जिला महामंत्री सुखबीर चंदोलिया, आशा शर्मा, पूर्व महापौर राजकमल सहगल, पूर्व विधायक सरिता नारायण, जिला मीडिया प्रभारी तरुण सनी शर्मा भी मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें