तीसरी लहर से निपटने को तैयार पीजीआईएमएस रोहतक एक बार फिर कोरोना की जद में है। सोमवार को वार्ड दो में एक जच्चा के डिस्चार्ज होने के बाद उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जच्चा के संपर्क में आए डॉक्टरों, नर्सों व स्टाफ की सूची तैयार हो रही है। साथ ही कोरोना संक्रमितों के लिए ब्लाक सी सामान्य मरीजों के लिए, ब्लाक बी गर्भवती महिलाओं के लिए व ब्लाक सी के आईसीयू बेडों को गंभीर मरीजों के लिए आरक्षित किया गया है।
सोमवार को वार्ड दो में एक महिला मरीज के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद मंगलवार को पीजीआईएमएस प्रशासन हरकत में आ गया है। अधिकारियों ने इस संबंध में अहम बैठक की और तीसरी लहर की आशंका के चलते अलर्ट जारी कर दिया है। पिछले कई दिनों से संस्थान में एक भी कोरोना का मरीज भर्ती नहीं था और सभी राहत की सांस ले रहे थे। गौरतलब है कि गत दिनों ट्रॉमा सेंटर, मॉड्यूलर ओटी कॉम्पलेक्स, डे केयर, लाला श्याम लाल भवन, मनोरोग विभाग, वार्ड 25-26, निकू, सी-ब्लाक, गाइनी का बी ब्लाक कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित था। बुधवार को कोरोना की तैयारियों को लेकर सीनियर अधिकारियों की अहम बैठक होगी। इसमें कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की रूपरेखा तैयार होगी।
सोमवार को गाइनी विभाग में एक महिला के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, लेकिन वह घर जा चुकी है। इसकी सूचना सिविल सर्जन को दे दी गई है। इसके साथ ही ब्लाक-सी, बी व डे केयर के आईसीयू को फिलहाल कोरोना के मरीजों के लिए फिर आरक्षित कर दिया गया है। कोरोना से तीसरी लहर से निपटने को हम तैयार हैं।
- डॉ. गजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, पीजीआईएमएस