संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। उप सिविल सर्जन ने कोसली में रक्तदान शिविर के आयोजकों व बहादुरगढ़ के एक ब्लड बैंक के विरुद्ध बिना अनुमति के रक्तदान शिविर आयोजित करने और ब्लड एकत्रित करने के आरोप में कोसली थाने में शिकायत दी है।
उप सिविल सर्जन डा. दीपक वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रेवाड़ी ब्लड बैंक के इंचार्ज डा. संदीप यादव ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि कोसली में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन उनके यहां से कोई अनुमति नहीं ली गई है।
सूचना के बाद उन्होंने कोसली के एसएमओ डा. विक्रम को शिविर की जांच कराने के लिए कहा। जांच में आयोजकों द्वारा दिखाया गया बहादुरगढ़ के निजी ब्लड बैंक को जारी अनुमति पत्र फर्जी पाया गया, जोकि सिविल सर्जन रेवाड़ी व ब्लड बैंक रेवाड़ी के कार्यालय से जारी नहीं हुआ था, जिसके बाद वे स्वयं कोसली रक्तदान शिविर में पहुंचे, लेकिन तब तक रक्त एकत्रित करने वाली निजी ब्लड बैंक की टीम 47 यूनिट रक्त एकत्रित कर जा चुकी थी।
उप सिविल सर्जन डा. दीपक वर्मा के अनुसार आयोजक रक्तदान शिविर को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्होंने कोसली थाने में शिकायत दी। कोसली एसएचओ कश्मीर सिंह ने बताया कि जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।