रोहतक। डबल फाटक पर तीन दिन पहले ट्रेन की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। नगर निगम ने सूचना के बाद भी उसे नहीं उठवाया है। कुत्ते उसे खा रहे हैं। बुधवार को एक जागरूक युवती ने नगर निगम कंट्रोल रूम को सूचना दी, तो उसे दूसरा नंबर थमा दिया गया। युवती ने फोन किया तो स्वयं को निगम कर्मी बताने वाले व्यक्ति ने कहा, अब तो कंकाल बचा है। वह कंकाल नहीं उठा सकते। यदि इतना ही है तो 100-200 रुपये खर्च करके तुम ही उठवाकर दफन करवा दो।
आसपास के दुकानदारों ने बताया कि तीन दिन पहले अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से एक गाय कटकर मर गई थी। इसके बारे में नगर निगम को सूचना दी गई, लेकिन कोई भी टीम गाय का शव उठाने के लिए नहीं आई। गाय का शव पड़ा रहने की वजह से आवारा कुत्ते खाने लगे। शव के सड़ने की वजह से दुर्गंध फैल रही है, वहां से गुजरने वाले लोग नाक पर रूमाल रखकर निकलने को मजबूर हैं।
बुधवार की सुबह शिवाजी नगर की जागरूक युवती ने जब आवारा कुत्तों को गाय का शव खाते देखा तो उसने नगर निगम कंट्रोल रूम को सूचना दी। कंट्रोल रूम पर तैनात कर्मी ने कहा कि उसे दूसरे नंबर पर शिकायत करनी होगी। युवती ने दूसरे नंबर पर फोन किया तो संबंधित व्यक्ति ने कहा कि तीन दिन पहले टीम गाय का शव उठाने के लिए गई थी, मगर वहां देखने पर पता चला कि कुत्तों ने उसको इतना खा लिया है कि केवल कंकाल बचा है और नगर निगम कंकाल को नहीं उठाता है। यदि तुमको इतनी ही परवाह है तो 100-200 रुपये किसी सफाई कर्मी को देकर कंकाल को उठवाकर दफन करवा दो।
मुझे जानकारी नहीं : सीएसआई
मुझे तो इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। नगर निगम की जिम्मेदारी है, जिसका निर्वहन किया जाएगा। तत्काल टीम को मौके पर भेज रहा हूं और उसे उठवाकर दफन करवाएंगे।
-महावीर सिंह, सीएसआई नगर निगम रोहतक
- ये कहना है लोगों का
मैंने निगम में फोन करके शिकायत की। मुझे जो जवाब दिया, उसको सुनकर सन्न रह गई। सलाह दी गई कि अपने रुपये खर्च करके गाय का शव उठवाकर दफन करवा दो।
- महिमा, शिकायतकर्ता।
यहां आएदिन गाय कटकर मरती हैं और यूं ही सड़ती रहती हैं। दुर्गंध में सांस लेने की आदत पड़ गई है। निगम कर्मी यहां नहीं आते।
-रविंदर, दुकानदार।
गाय कटने की सूचना नगर निगम को कुछ लोगों ने दी थी। निगम की टीम आई और फिर लौट गई। बदबू की वजह से दुकान पर आने वाले लोग परेशान हैं।
-बिजेंद्र, दुकानदार।