माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। किला रोड बाजार के शहीद भगत सिंह कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग स्थल के दिन बहुरेंगे। वीरवार को निगम आयुक्त डाॅ. आनंद शर्मा कॉम्प्लेक्स में पहुंचे और भवन का निरीक्षण किया। पार्षदों ने आयुक्त के सामने छह साल पुराना 1.13 करोड़ की सालाना आय वाला प्रस्ताव रखा। आयुक्त ने इंजीनियरिंग ब्रांच के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द कदम उठाने का भरोसा दिया।
कांग्रेस सरकार के दूसरे कार्यकाल में साल 2011 में दिल्ली गेट स्थित भगत सिंह पार्क की जगह पार्किंग व काॅमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने का काम शुरू हुआ था, जो 2017 में पूरा हुआ। तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पार्किंग एवं कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया, लेकिन शासन व प्रशासन आठ साल बाद भी बाद भी पार्किंग को चालू नहीं कर सका। न ही भवन को किराये पर दे सका या बेच सका।
वीरवार को निगम आयुक्त डाॅ. आनंद शर्मा मौके पर पहुंचे, साथ में पार्षद प्रतिनिधि नरोतामल भटनागर, कपिल नागपाल, किला रोड उप प्रधान दीपक पुनियानी व सफाई निरीक्षण कृष्णलाल भी मौजूद रहे। भटनागर ने आयुक्त को बताया कि 2019 में उन्होंने निगम आयुक्त व डीसी रोहतक को प्रस्ताव दिखा था।
प्रस्ताव में अंडर ग्राउंड में दोपहिया पार्किंग, भू-तल, प्रथम व द्वितीय तल पर फूड प्लाजा सहित 28 बूथ के अलावा 22 शॉपिंग शोरूम बनाने की मांग की। इनको आम व्यापारियों को किराए पर दिया जाए। आयुक्त ने कहा कि भवन के प्रयोग से निगम की आय कैसे बढ़े, इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
आयुक्त आए तो हुई सफाई, आनन-फानन उठाया सफाईकर्मियों ने कचरा
दोपहर निगम आयुक्त ने भगत सिंह कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करने का निर्णय लिया। इससे सफाई ब्रांच में हड़कंप मच गया। सफाई निरीक्षक कृष्णलाल टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। तुरंत कचरा उठाकर गाड़ी में डलवाया। पार्षद कपिल नागपाल कहा है कि निगम के अधिकारी बताएं, क्या निगम आयुक्त आएंगे, तभी सफाई होगी।
भगत सिंह कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया है। जल्द इंजीनियरिंग ब्रांच के अधिकारियों व व्यापारियों से बैठकर प्लान तैयार करेंगे, ताकि भवन से निगम को आय हो सके। पार्किंग को चालू करने के लिए व्यापारियों से बात करेंगे।
- डॉ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम
-
आयुक्त के सामने 2019 वाला प्रस्ताव रखा है, जिसके लागू होने से हर साल निगम को 1 करोड़ 13 लाख की आय होगी। साथ ही, आसपास के लोगों को गंदगी से छुटकारा मिलेगा।
- नीरा भटनागर, पार्षद वार्ड नंबर छह