रोहतक। भारतीय सेना में कर्नल के पद पर तैनात कर्नल मनोज कुमार अंतिल को विश्व मुक्केबाजी में कॉन्टिनेंटल टेक्निकल डेलिगेट (टीडी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पद पर नियुक्त होने वाले वह भारत के पहले प्रतिनिधि हैं।
हरियाणा खेल प्रेरक एवं अधिवक्ता राजनारायण पंघाल ने बताया कि कर्नल अंतिल शुरू से ही बेहद अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दिनों में वे दोनों साथ पढ़ते थे और उसी समय उनकी बॉक्सिंग के प्रति गहरी लगन व प्रतिभा स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी।
कर्नल अंतिल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रोहतक से और सेकेंडरी शिक्षा भिवानी से प्राप्त की। उच्च शिक्षा के लिए वे दिल्ली विश्वविद्यालय गए जहां से उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में चयनित हुए। उन्होंने सेना में रहते हुए भी मुक्केबाजी से अपना जुड़ाव बनाए रखा।
रेफरी व जज के लिए आवश्यक अंतरराष्ट्रीय कोर्स पूरे किए। अपनी निष्पक्षता और तकनीकी दक्षता के कारण वे कई बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेफरी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।