16-रोहतक में डी-पार्क अग्निकांड में जान गंवाने वाले सौरभ के परिवार को सांत्वना देते मुख्यमंत्री
रोहतक। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार सुबह 10:20 बजे डी-पार्क पहुंचे और अग्निकांड के पीड़ितों से मुलाकात की। उन्हें सीएम राहत कोष से 50 हजार से पांच लाख रुपये तक का मुआवजा देने की घोषणा की। इसके बाद अग्निकांड में जान गंवाने वाले सौरभ, कपिल व अमन के घर पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
सोमवार को पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि डी-पार्क अग्निकांड शॉर्ट-सर्किट के कारण हुआ था। एसी का कंप्रेशर फटने से लगी आग तेजी से फैली थी जिसमें सौरभ, कपिल व अमन की जान चली गई थी। इन सभी को ईश्वर अपने चरणों में स्थान दें। इनके आश्रितों को जल्द 10-10 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
सीएम ने कहा कि हादसे में हुए नुकसान, खासकर जनहानि की भरपाई नामुमकिन है। दुकानों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार सहयोग करेगी। बड़े शोरूम जलकर राख हो गए थे। इन शाेरूम के संचालकों को सीएम राहत कोष से जल्द राहत जारी की जाएगी।
सीएम ने कहा कि मुआवजे के आकलन व दस्तावेजों की जांच के बाद पीड़ितों को उनकी मुआवजा राशि अर्बन लोकल बॉडी (यूएलबी) की ओर से जारी की जाएगी। इसमें नुकसान का ब्योरा भी होगा।
-
किन को कितनी राशि मिलेगी
सीएम ने कहा कि दुकानदारों को पांच-पांच लाख रुपये, जूस की दुकान वालों को दो-दो लाख रुपये, रेहड़ी फड़ी वालों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके बाद सीएम सुबह करीब 11:35 बजे हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान डी-पार्क इलाके में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
-
16-रोहतक में डी-पार्क अग्निकांड में जान गंवाने वाले सौरभ के परिवार को सांत्वना देते मुख्यमंत्री