महम (रोहतक)। सीएम फ्लाइंग ने वीरवार को दशहरा ग्राउंड के पास स्थित खाद विक्रेता शिव शक्ति ट्रेडिंग कंपनी की दुकान पर छापा डाला और खाद के बैग व स्टॉक का रिकॉर्ड जांचा गया। टीम को यहां 2890 बैग मिले। हालांकि, अभी तक दुकान में किसी प्रकार की कोताही व हेराफेरी सामने नहीं आई है।
विभाग के नियंत्रण निरीक्षक दिनेश शर्मा ने बताया कि शिकायत मिल रही थी कि महम शहर में खाद विक्रेता खुशहाल स्टॉक होने के बावजूद खाद वितरित नहीं कर रहा है। दुकान की मशीन व स्टॉक की भी जांच की गई है।
दुकानदार की ओर से रोज दुकान न खोलकर कभी-कभी दुकान खोलने की शिकायत आई थी। दुकानदार को निर्देश दिया गया है कि वह खाद वितरण करें। जब तक खाद का स्टॉक दुकान में मौजूद है, तब तक दुकान रोज खोली जाए।
किसानों की मांग के अनुसार खाद वितरण के लिए कहा गया है। सीएम फ्लाइंग टीम में उपनिरीक्षक उड़नदस्ता रामनिवास, सीआईडी इंस्पेक्टर दिनेश ढाका, अनिल, एएसआई मंदीप व अन्य अधिकारी शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि उनको शिकायत मिली थी कि महम कस्बे में दुकानदार खुशहाल के पास यूरिया व डीएपी खाद का भंडारण है। गेहूं की बुआई के समय खाद के साथ बीज व अन्य पेस्टीसाइड किसान को बेचे जा रहे हैं। बताया कि दुकानदारों पर लगातार नजर रहेगी। अगर किसी प्रकार की अनदेखी की जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।
दादा बीमार हैं, इस वजह दुकान नहीं खोल पाए : खाद विक्रेता
खाद विक्रेता खुशहाल का कहना है कि खाद की कहीं किल्लत नहीं है। उनके दादा बीमार हैं, इस वजह से दो-तीन दिन दुकान नहीं खोल पाया।दुकान पर अंकित फोन नंबर पर कॉल आने पर खाद मुहैया करा दिया जाता है। मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण जरूरी है, तभी खाद मिल पाएगी।