रोहतक। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने वीरवार को रोहतक रेंज के चार जिलों रोहतक, झज्जर, चरखी-दादरी व भिवानी में चल रहे स्किल डेवलपमेंट केंद्रों पर छापे मारे। जांच में एक सेंटर जहां बंद मिला, जबकि दो में एक भी छात्र नहीं था। इतना ही नहीं, आठ केंद्रों के कुल 1,783 में से मात्र 299 छात्र ही हाजिर मिले। डीएसपी ने पूरी रिपोर्ट सीएम कार्यालय भेजी है। वहां से दिशा निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों में प्रतिभा निखारने के लिए हर जिले में स्किल डेवलपमेंट केंद्र खोल रखे हैं। केंद्रों में विद्यार्थियों की उनकी प्रतिभा के अनुसार प्रशिक्षित किया जाता है। इसके बदले सरकार की तरफ से फंड जारी किया जाता है। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से टीमों को केंद्रों में जांच के आदेश दिए गए। रोहतक रेंज के अंतर्गत चार जिले रोहतक, झज्जर, भिवानी व चरखी-दादरी आते हैं। रेंज डीएसपी गोरखपाल राणा ने वीरवार सुबह जिलों की चारों टीमों को जांच की हिदायत दी। रोहतक में तीन, चरखी-दादरी व झज्जर में दो-दो व भिवानी में एक केंद्र की जांच की गई।
झज्जर का एक सेंटर बंद ही मिला, रोहतक व दादरी के एक-एक सेंटर पर एक भी विद्यार्थी नहीं मिला
रोहतक में एक सेंटर पर 360 में से 54, दूसरे में 210 में से आठ, जबकि तीसरे में 120 में से एक भी छात्र नहीं मिला, जबकि झज्जर में एक सेंटर पर 84 में से छह छात्र मिले, जबकि दूसरा बंद ही मिला, जबकि चरखी-दादरी में एक में 480 में से 58, जबकि दूसरा सेंटर बंद मिला। उसमें 299 विद्यार्थी हैं। वहीं, भिवानी के 230 में से 173 छात्र मिले हैं।
रेंज के अंदर आठ स्थानों पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते से स्किल डेवलपमेंट केंद्रों पर जांच की। जांच में 1,783 में से 299 विद्यार्थी मिले। पूरी रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय भेजी जा रही है।
गोरखपाल राणा, डीएसपी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, रोहतक रेंज
डीएमएस डॉ. संदीप को पीजीआई से किया ट्रांसफर
संस्थान में मरीजों का रिकॉर्ड संभाल रहे डीएमएस डॉ. संदीप कुमार को वीरवार देर सायं पीजीआईएमएस ने ट्रांसफर कर दिया है। उनको उनके स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय रिपोर्ट करने को कहा गया है। यह आदेश निदेशक डॉ. शमशेर सिंह लोहचब ने जारी किए हैं। चर्चा है कि डॉ. संदीप के पास एमआरडी विभाग था और उन्हें सारे रिकॉर्ड की जानकारी थी। अंदेशा यह भी जताया जा रहा है कि डीएमएस ने ही कागजात लीक किए हैं और इसी आधार पर संस्थान में सीएम फ्लाइंग की छापेमारी हुई है। अब डॉ. संदीप कुमार को स्वास्थ्य विभाग के डीजीएचएस को रिपोर्ट करनी होगी। इस संबंध में जब डॉ. संदीप से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।