रोहतक। शहरवासियों को इन दिनों पंजाब और यूपी की मटर खूब भा रही है। इन दोनों प्रदेशों से शहर की नई सब्जी मंडी में रोजाना करीब 20 टन मटर की आवक हो रही है। मटर का प्रयोग सब्जी के अलावा सूप, चटनी, चावल व नमकीन भुजिया में बखूबी किया जा रहा है।
सर्दियों में भरपूर मात्रा में मिलने वाली कच्ची मटर का प्रयोग आलू व गाजर के अलावा और भी सब्जियों में किया जा रहा है। नई फल एवं सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन रोहतक के वरिष्ठ उप प्रधान साहिल मग्गू, भरत मल्होत्रा व शुभम डंग ने बताया कि मंडी में इन दिनों मटर की खूब आवक हो रही है।
विज्ञापन
पंजाब के खनौरी व चब्बेवाल से मटर की आवक हो रही है तो वहीं उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ क्षेत्र से मटर रोहतक मंडी में आ रही है। उन्होंने बताया कि जिला में मटर का रोजाना लगभग 4-5 लाख के कारोबार का अनुमान है।
वहीं, सोनीपत रोड पर मटर लेने आए ग्राहक कुलदीप व जसबीर ने बताया कि 30 से 40 रुपये प्रति मटर मिल रही है। सर्दी में मटर का प्रयोग आलू, गाजर की सब्जी के साथ बहुत अच्छा है और स्वजन इसकी सब्जी खूब पसंद करते हैं।