फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rohtak News: 3 इंच के फेर में फंसी सिटी बस की सवारी

विज्ञापन
24सीटीके10...कर्मशाला में खड़ी इलेक्ट्रिक बसें।
विज्ञापन
शहर में गणतंत्र दिवस से सिटी बस सेवा शुरू होगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी वर्चुअली पांच इलेक्ट्रिक बसों काे हरी झंडी दिखाएंगी। फिलहाल सिटी बस पीजीआई से आंबेडकर चौक तक नहीं आ पाएगी, क्योंकि एलिवेटेड ट्रैक के सामने लगे गार्डर की ऊंचाई बस से महज तीन इंच कम है।
विज्ञापन

केंद्र सरकार की तरफ से गणतंत्र दिवस पर चयनित शहरों में पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की गई हैं। इस कड़ी में प्रदेश के अंदर रोहतक, रेवाड़ी, सोनीपत, अंबाला व हिसार में एक साथ इलेक्ट्रिक बस सेवा चालू की जा रही है। इससे पहले पानीपत, यमुनानगर, करनाल व पंचकूला में भी बसें चल रही हैं। इससे पहले नगर निगम की तरफ से ग्रीन बस चालू की गई थी, लेकिन ठेकेदार व निगम के बीच तालमेल न होने के कारण बस सेवा बंद हो गई थी। रोडवेज की तरफ से पिंक बस सेवा चालू की गई थी। पिंक बसों को कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए लगाया गया था, लेकिन बसें छोटी होने के कारण छात्राओं ने इन बसों में सफर करने से मना कर दिया था। चार से पांच साल पहले आई पिंक बसें काहनौर, बहादुरगढ़, महम, बलंभा, केंद्रीय विद्यालय के रूट पर एक महीने से चल रही हैं।
एमपी-एमएल तक के लिए आरक्षित नहीं सीट
शहर में रविवार से शुरू होने वाली इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों को बहुत सी सुविधाएं दी गई हैं। इन बसों के दरवाजे मेट्रो की तर्ज पर बनाए गए हैं। जब तक बस का दरवाजा पूरी तरह से बंद नहीं होगा, तब तक बस आगे की तरफ नहीं बढ़ेगी। बस में एमपी, एमएलए से लेकर किसी भी वर्ग के लिए सीट आरक्षित नहीं होंगी। किसी तरह का कोई पास मान्य नहीं होगा। किराया 10 से 20 रुपये तक रखा गया है। इसमें सिर्फ 12 साल तक के बच्चे का आधा टिकट लगेगा।
विज्ञापन

सीसीटीवी कैमरों की जद में रहेंगे यात्री, हर सीट पर आपातकालीन बटन
विभाग के मुताबिक, एक बस की कीमत एक करोड़ 55 लाख रुपये हैं। इन बसों को चलाने के लिए किसी परमिट की आवश्यकता भी नहीं है। सुरक्षा की दृष्टि से देखें तो बस में पांच सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। बस में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बस कंपनी के पास एक महीने तक रिकॉर्ड रहेगी। हर सीट के साथ एक आपातकालीन बटन लगा हुआ है। बस में 46 सीटें यात्रियों को मुहैया करवाई गई हैं। इन बसों को चलाने के लिए केंद्र सरकार राज्य सरकार को 28 रुपये प्रति किमी के हिसाब से सब्सिडी देगी। 26 जनवरी को राजीव गांधी स्टेडियम से बच्चाें को उनके गंतव्य स्थान तक फ्री में इन्हीं बसों से पहुंचाया जाएगा।
बसों के संचालन के लिए विभाग ने सर्वे किया

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने आमजन की सुविधा को बढ़ाने के लिए इन बसों को आंबेडकर चौक तक चलाने की मांग की थी। शुक्रवार को रोडवेज की तरफ से बसों के संचालन के लिए विभाग ने सर्वे किया। बजरंग भवन के पास रेलवे एलिवेटेड ट्रैक पर गार्डर की ऊंचाई 11 फीट 3 इंच मिली। बसों की ऊंचाई 11 फीट 6 इंच है। ऐसे में बजरंग भवन के पास से बस नहीं गुजर सकेगी। विभाग के कहना है कि रविवार को चाहे बस आंबेडकर चौक तक नहीं आएगी, लेकिन बाद में समस्या का समाधान निकाला जाएगा। आंबेडकर चौक तक बस न आने के कारण अभी नगर निगम, लघु सचिवालय, आईसी कॉलेज, जिला न्यायालय और बाजार में जाने वाले लोगों को इलेक्ट्रिक बसों का लाभ नहीं मिल पाएगा।
....
यह रहेगा किराया
1. नए बस स्टैंड से एमडीयू गेट नंबर 02 तक 10 रुपये
2. नए बस स्टैंड से पीजीआई मेडिकल तक 15 रुपये
3. नए बस स्टैंड से लघु सचिवालय, आंबेडकर चौक तक 20 रुपये


हर 15 मिनट पर मिलेगी बस, ये रहेगा रूट
रोहतक बस स्टैंड से पीजीआई वाया राजभवन (किशनपुरा), शीला बाईपास, रिवाज होटल, रिलायंस मार्ट, स्वामी नित्यानंद पब्लिक स्कूल, जाट भवन, सेक्टर-1 मैन रोड, राजीव चौक (दिल्ली बाईपास), एमडीयू गेट नंबर 2, सेक्टर-14, जाट कॉलेज, सीआर पालीटेक्निक, पावर हाउस, पीजीआई मोड़ होते हुए पीजीआई के आपातकालीन विभाग तक हर 15 मिनट के अंतराल पर बसें चलेंगी और वापस इसी रास्ते बस स्टैंड पर आएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें