पकड़ी नकल का मिलान करती जांच टीम।
रोहतक। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा का शुक्रवार को शारीरिक शिक्षा विषय का पेपर हुआ। परीक्षा में उड़न दस्तों ने सात यूएमसी बनाई। बोर्ड चेयरमैन स्पेशल फ्लाइंग नंबर एक ने छह परीक्षा केंद्र जांचे। शहर के माडल टाउन स्कूल के परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी से पचास (50) पन्ने की नकल बरामद हुई। इसने अपनी पैंट के बेल्ट लगाने वाले हिस्से में नकल छिपाई हुई थी। प्राध्यापक संजय कुमार ने बताया कि यह नकल बड़ी मुश्किल से निकाली। इस परीक्षार्थी का यूएमसी बना दिया गया। यहां उड़न दस्ता संयोजक प्राचार्य यशपाल सिंह, लेक्चरर नीलम व राजबीर मौजूद रहे। वहीं, कलानौर में एक शिक्षिका को परीक्षा केंद्र में धड़ल्ले से नकल मिलने पर ड्यूटी से रिलीव कर दिया। इस केंद्र में चारों कोड के प्रश्न पत्रों की हल की गई पर्चियां पड़ी मिली। इनका मिलान करने पर ये हूबहू मिले।
चेयरमैन फ्लाइंग नंबर दो की संयोजक प्रिंसिपल संतोष कुमारी, सदस्य लेक्चरर स्वर्ण लता, लेक्चरर रोहताश कौशिक की टीम ने चार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसमें डोभ के राजकीय स्कूल, कलानौर के राजकीय स्कूल व जेकेएम स्कूल एवं पिलाना के राजकीय स्कूल में बने परीक्षा केंद्र शामिल हैं। कलानौर के जेकेएम स्कूल में तीसरी मंजिल पर परीक्षा केंद्र बनाया गया है। चेयरमैन फ्लाइंग नंबर दो वहां पहुंची तो कमरे के नीचे चारों कोड की हल पर्चियां मिलीं। इनमें से कुछ फोटो स्टेट कराई गई थी। कुछ में हाथ से लिखा गया था। फ्लाइंग टीम ने ये पर्चियां उठाकर कमरे में बच्चों की उत्तर पुस्तिका से मिलाई तो उनमें चारों कोड के उत्तर हल किए हुए मिले। पर्ची में दर्ज गलत मात्रा भी विद्यार्थियों ने उत्तर पुस्तिका में गलत ही लिखी थी। पर्चियां कोड की सीरीज के हिसाब से बनाई गई थी। यही नहीं सभी परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं में उत्तर एक समान लिखे थे। इस कारण कमरे में ड्यूटी दे रही अध्यापिका को रिलीव कर दिया गया।
चीफ सुपरिंटेंडेंट को लगाई फटकार
जेकेएम स्कूल में पुलिस का अच्छा प्रबंध मिला। यहां बाहर से कोई हस्तक्षेप नहीं हुआ। इसी दौरान स्कूल की चीफ सुपरिंटेंडेंट भी परीक्षा केंद्र में ही मिली। इन्होंने फ्लाइंग के पूछने पर कहा कि वह चाय पीने के लिए अंदर गई थी। जबकि पेपर शुरू कराने के बाद स्कूल के चीफ सुपरिंटेंडेंट का अंदर जाना निषेध है। पिलाना के परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा के पास आठ पन्नों के हस्तलिखित प्रतियां मिली। वह उन्हें अपने कपड़ों में छिपाकर लाई थी। इसकी यूएनसी बना दी गई है। वहीं, केंद्र में बाहरी हस्तक्षेप अधिक मिला।