चरखी दादरी-भिवानी मार्ग पर बुधवार को गांव चरखी के पास कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गांव चरखी निवासी महावीर और मांगेराम बाइक से चरखी दादरी आ रहे थे। जब वे गांव से अप्रोच मार्ग से होते हुए चरखी दादरी-भिवानी मुख्य मार्ग पर पहुंचे तभी एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मांगेराम ने दम तोड़ दिया। महाबीर की चिंताजनक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भिवानी रेफर कर दिया।
भिवानी अस्पताल के चिकित्सकों ने महाबीर को हिसार रेफर कर दिया। वहां पहुंचने से पहले ही महाबीर की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।