रोहतक। यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब कार्रवाई शुरू कर दी है। कई चरण की चेतावनी कार्रवाई के बाद अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को शीला बाईपास के नजदीक हरियाणा रोडवेज की बस का नो एंट्री में प्रवेश करने पर चालान किया गया। इसके अलावा, 148 वाहनों का गलत दिशा और दोपहिया पर तीन लोगों के सवार होने पर चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश हैं कि जिले में यातायात नियमों का पालन कराया जाए। इसी के तहत एएसपी ट्रैफिक वाईवीआर शशी शेखर के नेतृत्व में यातायात पुलिस अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को यातायात पुलिस ने शहर के बाहरी और आंतरिक क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए हरियाणा रोडवेज डिपो की बस का नो एंट्री में प्रवेश करने पर चालान कर दिया। गलत दिशा और बिना हेलमेट एवं दोपहिया वाहन पर तीन सवारी मिलने पर 148 के चालान किए गए। एएसपी ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने अपील की कि वाहन चालक नियमों का पालन करें।
यातायात पुलिस हर माह करती है 6 से 8 हजार वाहनों के चालान
एएसपी वाईवीआर शशी शेखर ने बताया कि यातायात पुलिस हर माह नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करती है। इसके चलते हर माह 6 से 8 हजार वाहनों के चालान किए जाते हैं। हालांकि, कुछ वाहन चालकों को चेतावनी देकर भी छोड़ दिया जाता था, लेकिन अब कार्रवाई तेज कर दी गई है।