रोहतक। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को नकलमुक्त कराने के दावे फेल होते नजर आ रहे हैं। मंगलवार को चमारिया में सीसीटीवी को निशाना बनाया गया। यहां उड़नदस्ता टीम ने दो नकलची पकड़े। जिले में कुल नौ यूएमसी बने।
मंगलवार को 10वीं कक्षा की गणित विषय की परीक्षा थी। बोर्ड टीम जांच के लिए चमारिया के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंची। नकल पर नकेल कसने के लिए लगवाए गए सीसीटीवी टूटे मिले। परीक्षा के दौरान बाह्य हस्तक्षेप भी नजर आया। यहां दो यूएमसी बनाए गए तथा संयुक्त सचिव डॉ. पवन कुमार ने केंद्र में अव्यवस्था देखते हुए परीक्षा रद्द करने की सिफारिश की। ज्ञात हो सोमवार को गांव डोभ में नकल की राह में बाधा बने सीसीटीवी कैमरों का तोड़ दिया गया था।
तीन शिक्षक कार्यमुक्त
परीक्षा के दौरान ड्यूटी में कोताही बरतने पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिटौली पर नियुक्त पर्यवेक्षक नरेश, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुडाना पर नियुक्त पर्यवेक्षक हरपाल सिंह व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कथूरा पर पर्यवेक्षक बनी सिंह को कार्यमुक्त किया गया है।