रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) परिसर में शनिवार शाम हुई गोलीबारी की घटना को गंभीरता से लेते हुए कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने सुरक्षा समीक्षा बैठक की। यहां विश्वविद्यालय परिसर में किसी प्रकार की सुरक्षा चूक व अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विवि परिसर में अवांछित, असामाजिक तत्वों के प्रवेश को रोकने के लिए कुलपति ने विवि सुरक्षा अधिकारियों को सतर्क व अलर्ट रहने की हिदायत दी।
कुलपति ने घटना की समीक्षा करते हुए विभिन्न समितियों का गठन किया। इसमें फैक्ट फाइंडिंग कमेटी को 24 घंटे में इस मामले की तहकीकात कर कुलपति को रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। डीन कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल प्रो. एएस मान इस समिति के अध्यक्ष होंगे। बैठक में वह निर्णय लिया गया कि अगले आदेशों तक विश्वविद्यालय परिसर में प्रत्येक कैफे, कैफेटेरिया, फूड कियोस्क, बूथ शाम 5 बजे तक ही खुलेंगे। विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा कार्यालय की टीम निरंतर गश्त लगाएगी। भविष्य में विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने व इस संबंध में जरूरी सुझाव देने के लिए डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. नवरतन शर्मा की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। विश्वविद्यालय परिसर में सीसीटीवी प्रणाली की समीक्षा के लिए कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशंस विभाग के अध्यक्ष प्रो. नसीब सिंह गिल की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया। बैठक में सुरक्षा स्टैंडिंग कमेटी व सेफ्टी एंड सिक्योरिटी समिति का भी गठन किया गया। इस मौके पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. नवरतन शर्मा, रजिस्ट्रार प्रो. गुलशन तनेजा, डीन सीडीसी प्रो. एएस मान, विवि सुरक्षा प्रभारी एवं निदेशक खेल डॉ. डीएस ढुल, चीफ वार्डन (बॉयज) प्रो. सत्यवान बरोदा, चीफ वार्डन (गर्ल्स) प्रो. सपना गर्ग, नियंत्रक सुरक्षा तरुण शर्मा, प्रॉक्टर प्रो. एससी मलिक, डीन, स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. राजकुमार, प्रो. रणदीप सिंह राणा, मुख्य सुरक्षा अधिकारी बलराज सिंह, निदेशक यूसीसी डॉ. जीपी सरोहा शामिल रहे।