संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। बस स्टैंड के बाहर ऑटो-रिक्शा चालकों की भीड़ से जाम की समस्या बन रही है जिससे बस चालकों व यात्रियों को परेशानी हो रही है। रोडवेज की ओर से अनेक बार अभियान चलाया जा चुका लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना कि अब टैब बुक से चालान काटने शुरू किए जाएंगे।
बस स्टैंड के मुख्य द्वारों के बाहर ऑटो रिक्शा चालक काफी देर तक वाहन का ठहराव कर रहे हैं। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है। गेट नंबर एक से सिटी बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। गेट के बाहर ही ऑटो रिक्शा चालक के खड़े रहने से यात्रियों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। बस स्टैंड आगे से दिल्ली जाने वाली सड़क पर लंबा जाम तक लग जाता है।
विकास नगर निवासी प्रविंद्र ने बताया कि सुबह 10:30 बजे से दोपहर एक बजे तक तो जाम से राहत ही नहीं मिलती है। ऑटो रिक्शा चालकों की बढ़ रही संख्या आमजन के साथ-साथ व्यवस्थाओं को प्रभावित कर रही है। रोडवेज अधिकारियों ने आह्वान किया कि कोई वाहन चालक बस स्टैंड गेटों के सामने नो पार्किंग में वाहन न खड़ा करें।
-
चालकों को बार-बार समझाया जा रहा है कि बस स्टैंड के सामने वाहन ऑटो रिक्शा न खड़ा करें। यातायात प्रबंधक से निर्देश मिले हैं कि अब नो पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों का टैब बुक से चालान किया जाए।
- हंसराज, संस्थान प्रबंधक, रोडवेज