रोहतक। साले को दो लाख रुपये न देने पड़े इसलिए जीजा ने लूट की फर्जी कहानी बनाई। पुलिस को शिकायत में कहा कि गांधरा मोड़ पर इको वैन में सवार चार लोगों ने रुपये छीनकर उसे नीचे उतारकर फरार हो गए। पुलिस ने सख्ती से सवाल किए तो बोला, उसने झूठी शिकायत दी है। अब पुलिस शिकायतकर्ता के खिलाफ ही फर्जी शिकायत देने की कार्रवाई कर सकती है।
पीएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि ब्राह्मणवास के रघुबीर सिंह ने शुक्रवार को शिकायत दी कि उसने अपने साले के 2 लाख रुपये देने थे। वह रुपये देने के लिए रोहतक स्थित शांतमई चौक से दतौड़ के लिए इको वैन में बैठा। चालक के अलावा तीन अन्य युवक भी वैन में सवार थे। जब वैन खरावड़ से आगे मोड़ पर पहुंची तो युवकों ने मारपीट कर उससे रुपये छीन लिए। गांधरा की तरफ जाने वाले रास्ते पर दो किलोमीटर आगे उतारकर फरार हो गए। सांपला पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच की।
कहां से रुपये लेकर आया, यह नहीं बता पाया रघुबीर सिंह
पुलिस के अनुसार जब रघुबीर सिंह से पूछा कि दो लाख रुपये कहां से लेकर आया, बैंक से निकलवाए या घर पर रखे थे। रघुबीर इन सवालों का सही ढंग से जवाब नहीं दे सका। इससे पुलिस का शक बढ़ता चला गया। सख्ती से सवाल किए तो खुलासा कर दिया कि उसने झूठी कहानी बनाई थी ताकि रिश्तेदार के रुपये न देने पड़े।
वर्जन
आरोपी ने पुलिस को लूट की झूठी शिकायत दी है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसके लिए आला अधिकारियों से अनुमति ले रहे हैं।
इंस्पेक्टर बिजेंद्र, प्रभारी थाना सांपला