रोहतक। जींद रोड स्थित चांदी नहर के पास गांव खरेंटी निवासी दूधिये 32 वर्षीय जयभगवान की 16 गोलियां मारकर हत्या की साजिश में शामिल भाई-बहन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी जींद के पोली गांव निवासी सरिता और झज्जर के बरहाणा निवासी देवेंद्र को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि जयभगवान की सरिता से करीब डेढ़ साल पुरानी दोस्ती थी। सरिता के परिजन इसके खिलाफ थे। इसके बाद सरिता ने भाई-बेटे के साथ मिलकर जयभगवान की हत्या की साजिश रची। वारदात को सरिता के बेटे ने साथियों के साथ अंजाम दिया। लाखनमाजरा थाना पुलिस प्रभारी राजेंद्र सिंह ने कि 27 अगस्त सुबह करीब सवा आठ बजे गांव चांदी नहर के पास खरेंटी के जयभगवान की गोलियां मारकर हत्या की सूचना मिली थी। वारदात स्थल से पुलिस को 9 खाली खोल व एक मैग्जीन भी बरामद हुई थी। पुलिस ने मृतक के भाई राकेश की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज किया गया। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जयभगवान को 16 गोलियां मारने की पुष्टि हुई थी। मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।