.पुलिस कार्यालय में ब्रांचो का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग । विज्ञप्ति
एसपी ने अपने कार्यालय की सभी शाखाओं का किया निरीक्षण
फोटो: 18 सीटीके 27
माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने मंगलवार को कार्यालय पुलिस अधीक्षक का दौरा कर सभी शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लघु सचिवालय स्थित सभी शाखाओं का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश दिए। यहां उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. रविंद्र सिंह व अन्य पुलिस के जवान मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय के सभी अधिकारियों, जवानों का परिचय लिया व उनके कार्य के बारे में जाना।
पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम कंट्रोल रूम का जायजा लेते हुए कार्यप्रणाली को विस्तार से जाना। उन्होंने कहा कि हर छोटी-बड़ी घटना की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को तुरंत दें। सीसीटीवी की मॉनिटरिंग व सुरक्षा शाखा के कर्मचारियों से विदेशी नागरिकों व पासपोर्ट की होने वाली जांच गहनता से करने के निर्देश दिए। शिकायत शाखा का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन से प्राप्त होने वाली शिकायत संबंधित थाने में तुरंत भेजें। किसी भी तरह की शिकायत को हल्के में न लें। लंबित शिकायतों को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाएं। सीआरसी ब्रांच का जायजा लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी जवानों, अधिकारियों का रिकाॅर्ड दुरुस्त रखें।
उन्होंने मित्र कक्ष में कर्मचारियों से मित्र कक्ष की कार्यप्रणाली के बारे में जाना। आमजन को मिलने वाली पुलिस सेवाओं का अध्ययन किया। मित्र कक्ष के रिकॉर्ड का अवलोकन किया। उन्होंने मित्र कक्ष व संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश में कहा कि मित्र कक्ष में आमजन की किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिये। आमजन को मिलने वाली सभी प्रकार की सेवाओं को तय समय पर किया जाए।