हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जेपी दलाल ने किसानों का आह्वान किया है कि वे कृषि व्यवसाय के साथ-साथ अन्य सहायक धंधे अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाएं। गाय की नस्ल को सुधारने के लिए ब्राजील के साथ हिसार में नस्ल सुधार केंद्र स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। कृषि मंत्री रविवार को जिला के गांव गद्दी खेड़ी में अखिल मुर्रा पशुपालन समिति की तरफ से आयोजित प्रथम राष्ट्रीय मुर्रा पशुधन प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे।
उन्होंने प्रतियोगिता में पहुंचे पशुओं का निरीक्षण किया और पशुओं की नस्ल सुधारने की दिशा में कार्य करने वालों तथा प्रगतिशील पशुपालकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समिति की तरफ से अच्छा कार्य किया जा रहा है। समिति को 11 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि ब्राजील दौरा के दौरान उन्होंने गिर गाय की नस्ल सुधार के बारे में जानकारी मिली कि यह गाय नस्ल सुधार के बाद 45 लीटर तक दूध देती है। सरकार प्रदेश में गायों की नस्ल सुधार के लिए ब्राजील के साथ मिलकर हिसार में गाय नस्ल सुधार केंद्र स्थापित करेगी। मुर्रा नस्ल प्रदेश की शान है।
मुर्रा नस्ल को बढ़ावा देने के लिए सरकार अनेक योजनाएं क्रियांवित कर रही है। पशुपालक अपने पशुओं का बीमा अवश्य करवाएं। मात्र 100 रुपये में पशु बीमा किया जा रहा है। पशुपालकों के कल्याण के लिए पशुधन क्रेडिट कार्ड योजना क्रियांवित की जा रही है, इसके तहत एक लाख 60 हजार रुपये तक 4 प्रतिशत दर पर ऋण उपलब्ध करवाया जाता है।
इसके अलावा सरकार साइलेज पर 50 लाख रुपये तक का अनुदान दे रही है। उन्होंने कहा कि खारा पानी में झींगा मछली पालन को सरकार बढ़ावा दे रही है। झींगा मछली पालन पर महिलाओं को 60 प्रतिशत तथा पुरुषों को 40 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। भिवानी में 100 झींगा मछली पालन फॉर्म तथा सिरसा में 500 फॉर्म शुरू किए गए हैं।
हरियाणा के अलावा अन्य प्रदेशों से पहुंचे पशुपालक
प्रथम राष्ट्रीय मुर्रा पशुधन प्रतियोगिता में हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब राज्यों से भी पशुपालक पशुओं के साथ पहुंचे। प्रतियोगिता का आयोजन लगभग 4 एकड़ में किया गया, जहां दो रिंग बनाकर निर्णायक मंडलों ने प्रतियोगिता की 12 श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के लिए पशुओं का चुनाव किया। समिति ने प्रथम पुरस्कार के रूप में 3100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 2100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 1100 रुपये के नकद इनाम दिये। प्रतियोगिता के आयोजकों ने कृषि मंत्री जेपी दलाल तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता शमशेर खरकड़ा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।