प्रदेश सरकार की योजना के तहत बीपीएल परिवारों से संबंधित डेंगू मरीजों को मुफ्त प्लेटलेट्स उपलब्ध करवाई जाएंगी। डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया के प्रति जागरूकता अभियान चला रहा है। लोग भी बचाव के लिए सभी सावधानियां बरतें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लार्वा की जांच कर रही हैं।
उपायुक्त ने कहा कि बीपीएल परिवार से संबंधित डेंगू मरीज अगर रोहतक का निवासी है तो उसे पीजीआईएमएस में सरकार द्वारा मुफ्त प्लेटलेट्स उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी में बुखार के लक्षण हैं तो वह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपनी ब्लड स्लाइड जरूर बनवाएं। बुखार की पहचान के उपरांत ही उचित उपचार दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पिछले साल जिले में मलेरिया के छह केस थे, इस बार अब तक कोई केस नहीं आया है।
गुढ़ान में लोगों को किया जागरूक
एसएमओ डॉ. कमला वर्मा और उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा मित्तल की देखरेख में गांव गुढ़ान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया से बचाव के बारे में बताया गया। डॉ. कमला ने कहा कि पिछले साल ग्राम पंचायत के सहयोग से मच्छरदानियां बांटी गई थीं, लोग उनका प्रयोग करें। घरों में पुराने टायर, मटके, बर्तन, खिलौने न रखें, उनमें पानी न इकट्ठा होने दें। सप्ताह में एक बार कूलर की टंकी और पशुओं को पानी पिलाने की हौद अवश्य खाली करें। महम में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एमपीएचडब्ल्यू मुकेश कुमार 100 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर कार्यक्रम में पहुंचे, ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।