छोटूराम स्टेडियम में कद को लेकर टिप्पणी का विरोध करने पर जूडो के नेशनल खिलाड़ी रामगोपाल कॉलोनी निवासी अमित पर 10-12 युवकों ने दिल्ली रोड स्थित कैफे में डंडों से हमला कर दिया। घायल को पीजीआई में दाखिल कराया गया है। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने पांच कबड्डी खिलाड़ियों सहित 15 के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक रामगोपाल कॉलोनी निवासी अमित ने दी शिकायत में बताया कि वह छोटूराम स्टेडियम में जूडो की प्रैक्टिस करता है। साथ ही अपना खर्च निकालने के लिए रामगोपाल कॉलोनी दिल्ली रोड पर ही कॉफी कैफे चलाता है। शुक्रवार सुबह वह छोटूराम स्टेडियम में सीढ़ियों पर रेस लगा रहा था। उसी समय स्टेडियम में कबड्डी खेलने वाले युवक विनय, विपिन, संदीप, कपिल व अमन ने उनके कद को लेकर मजाक करना शुरू कर दिया। बोले, ये छोटू अबकी बार ओलंपिक में मेडल लाकर दिखाएगा। मैंने कहा कि मेडल लाने के लिए दम होना चाहिए, छोटे या बड़े कद की कोई बात नहीं होती। इस बात से आरोपी नाराज हो गए। धमकी देते हुए बोले, यहां तो दूसरे खिलाड़ी छुड़ा देंगे। बाहर तुझे पक्का ओलंपिक मेडल देंगे। वह घर आ गया। उसने धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। शाम करीब साढ़े 7 बजे वह जब अपने कॉफी कैफे पर बैठा था तो विनय, विपिन, संदीप, कपिल, अमन अपने साथ 9-10 लड़कों को लेकर आए और उसे पीटने लगे। आरोपियों ने उसे डंडों से पीटा और कैफे में तोड़फोड़ की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उसके गल्ले से 55 से 60 हजार रुपये भी गायब हैं। उसके भाई साहिल ने उसे पीजीआई में दाखिल करवाया है।