खरावड़ नाके पर सोमवार को चेकिंग के दौरान सीआईए वन के सिपाही हरपाल को कार के साथ 500 मीटर तक घसीटने वाले 41 किलोग्राम गांजापत्ती के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नशीला पदार्थ तस्कर इंदिरा कॉलोनी निवासी महिला को भी गिरफ्तार किया है। महिला को कोर्ट के आदेशों पर न्यायिक हिरासत जेल में भेज दिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह रोहतक की इंदिरा कॉलोनी निवासी महिला से 6 लाख रुपयों में 41 किलोग्राम गांजापत्ती लेकर कार में सवार होकर बहादुरगढ़ के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में नाकों पर चेकिंग करने वाली पुलिस को बताया कि वह बहादुरगढ़ से हैं और कट्टों में चारा भरा हुआ है। जिस विश्वास पर पुलिस उन्हें छोड़ती चली गई। वे किसी तरह पुलिस को चकमा देते हुए रोहद टोल प्लाजा पर पहुंचे। जहां पहुंचने के बाद उन्होंने टोल प्लाजा पर पुलिस की भारी संख्या में तैनाती देखकर वापस कार मोड़ दी। वापस खरावड़ नाके पर पहुंचे, जहां वह पकड़े गए। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह गांजापत्ती बहादुरगढ़ में दिल्ली बाइपास पर एक व्यक्ति को देनी थी।
यह था मामला:
खरावड़ चौकी नाका पर सोमवार दोपहर बाद सीआईए-1 की टीम मौजूद थी। दिल्ली की तरफ से एक कार आई, जिसे रूकने का ईशारा किया गया। कार चालक ने पुलिस टीम पर सीधी टक्कर मारने की कोशिश की। पुलिस टीम ने अपना बचाव किया और कार बेरिगेट में जाकर लगी। सिपाही हरपाल ने चालक को काबू करने कोशिश की तो चालक ने दिल्ली की तरफ कार को भगा लिया। सिपाही हरपाल आधा गाड़ी के अंदर व आधा गाड़ी के बाहर घसीटता हुआ गाड़ी के साथ करीब 500 मीटर दूर तक गया। सीआईए टीम ने सरकारी गाड़ी से कार को पीछा किया। कुछ दूर चलने पर गाड़ी अनियंत्रित होकर ढाबा को तोड़ती हुई खाली प्लाट में उतर गई। कार सवार दोनों युवकों को काबू किया गया। युवकों की पहचान सन्नी निवासी गोयला कलां (झज्जर) व धीरज निवासी शामलो कलां (जीन्द) हाल सेक्टर-7 बहादुरगढ़ के रूप में हुई है। सिपाही हरपाल को घायल अवस्था में कार से निकाला गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। नियमानुसार तलाशी लेने पर कार से दो कट्टे बरामद हुए। जिनमें 21 किलोग्राम व 20 किलोग्राम (कुल 41 किलोग्राम) गांजापत्ती बरामद हुई।