रोहतक। दिवाली से एक दिन पहले हथियारों सहित गिरफ्तार भगवतीपुर के अंकित उर्फ टिंडा व खरैंटी के मोहित ने खुलासा किया है कि वे उज्जैन से एक लाख 60 हजार रुपये में आठ देसी पिस्तौल खरीदकर लाए थे। पुलिस ने उनको अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस की टीम आरोपियों को हथियार बेचने वाले सौदागर तक लेकर जाएगी।
सीआईए द्वितीय प्रभारी सतीश कादयान ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम बलियाणा गांव के मोड़ पर थी। सूचना मिली कि भगवतीपुर निवासी अंकित उर्फ टिंडा व मोहित निवासी खरैंटी कार में सवार होकर आ रहे हैं। उनके पास भारी मात्रा में हथियार हैं। पहले भी गैंग बनाकर अपराध के मामलों में शामिल रहे हैं। अभी बलियाणा-खेड़ी साध आउटर बाईपास पर पुल के नीचे गाड़ी में बैठे हैं।
बुधवार को एएसआई संत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम तैयार की गई। पुलिस ने दबिश देकर कार सवार दोनों युवकों को काबू किया। चालक की सीट पर बैठे युवक ने अपना नाम मोहित निवासी खरैंटी, जबकि कंडक्टर साइड में बैठे युवक की पहचान अंकित उर्फ टिंडा निवासी भगवतीपुर के तौर पर हुई। कार की तलाशी ली तो काले रंग का बैग मिला। बैग में सात पिस्तौल मिले, जबकि एक पिस्तौल अंकित की जेब में था।