अक्षय कुमार अभिनीत बॉलीवुड फिल्म बॉस में ‘पार्टी ऑल नाइट’ गाने को लेकर हनी सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
गाने के हरियाणवी रैप में प्रदेश के राज्य पक्षी तीतर को खाने के लिए निमंत्रण दिया जा रहा है, जिस पर अर्थ संस्था ने कड़ा संज्ञान लिया है। संस्था द्वारा शनिवार को डीसी को ज्ञापन सौंपने के बाद अब प्रोडक्शन कंपनी को कानूनी नोटिस भेजने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही गाने के बोल की एक कॉपी मुख्यमंत्री को भेजकर विवादित शब्द हटवाने की मांग की है।
रविवार को आयोजित हुई बैठक में संस्था के निदेशक अजय गोदारा ने कहा कि अगर पांच दिन के अंदर कंपनी ने विवादित बोल हटाने पर जवाब नहीं दिया तो प्रदेश भर में इसके विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन करेंगे और अदालत का भी दरवाजा खटखटाएंगे। संस्था का कहना है कुछ सालों से पहले ही राज्य पक्षी लुप्त हो रहा है और इस तरह के गानों से तीतर खाने के लिए युवा प्रेरित होंगे।
सरकार नहीं दिखा रही गंभीरता
अर्थ संस्था छह साल से वन्य प्राणियों को बचाने के लिए काम कर रही है। निदेशक अजय गोदारा ने कहा कि सरकार तीतर को राज्य पक्षी घोषित कर भूल चुकी है।