हरियाणा में झज्जर के गांव अकेहड़ी मदनपुर के पंप हाउस से पुलिस को एक युवक का शव तैरता हुआ मिला है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को झज्जर के सामान्य अस्पताल में रखवाया है। जानकारी के अनुसार शनिवार को अकेहड़ी मदनपुर के पंप हाउस पर तैनात कर्मचारी ने जब पानी में तैरते हुए एक युवक के शव को देखा तो उसने तुरंत ही साल्हावास पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने सूचना मिलने के बाद अपनी उपस्थिति में ही शव को बाहर निकलवाया।
जिस युवक का यह शव है उसकी आयु करीब पैंतालीस वर्ष बताई जा रही है।
उसकी मौत कैसे हुई इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही पता लगेगा, लेकिन इतना जरूर है कि पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए उसे 72 घंटे के लिए झज्जर के सामान्य अस्पताल में रखवाया है।