रोहतक। बरवाला के पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला का कहना है कि भाजपा ने एससी-बीसी समाज के साथ भेदभाव किया है। अब विधानसभा चुनाव में भाजपा का जवाब देने का समय आ गया है। अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा होंगे। 28 जुलाई को गुरु दक्ष प्रजापति महाराज की जयंती होने वाली प्रदेश स्तरीय रैली का न्योता देने पहुंचे पूर्व विधायक ने कैनाल रैस्ट हाउस में मीडिया से बातचीत में यह कहा।
उन्होंने कहा कि जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए रोहतक से अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष लोकी राम प्रजापति को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लोकी राम प्रजापति ने कहा लोगों को इसका निमंत्रण दिया जा रहा है। इस मौके पर जय भगवान प्रजापति खोहाल, जयभगवान लाकड़, धर्मपाल प्रजापति, कृष्ण प्रजापति, धर्म सिंह बोहर, सोनू प्रजापति, उग्रसैन प्रजापति, राजकुमार चमारिया, सत्यवान चमारिया, नफे सिंह प्रजापति, जसवंत बेडवा, उमेद सिंह फौजी, रामपाल प्रजापति, सुबोध व कृष्ण शास्त्री भी मौजूद रहे।