रोहतक। सिविल अस्पताल में ड्यूटी पर जा रही महिला डॉक्टर की बाइक सवार दो युवक झपटा मारकर चेन तोड़कर ले गए। वारदात सोमवार सुबह पौने नौ बजे अंजाम दी गई। इस संबंध में आर्य नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। डॉक्टर ने बताया कि चेन उनकी नानी ने गिफ्ट दिया था।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर एक निवासी डॉक्टर रीटा गोयल ने दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब साढ़े 8 बजे वह घर से ड्यूटी पर जाने के लिए स्कूटी पर चली। जब वह सुभाष रोड पर बंद पड़े सिनेमा घर के सामने पहुंची तो पीछे से बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। नजदीक आकर बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपटा मारकर उसकी एक तोले सोने की चेन तोड़ ली। अचानक हुई झपटमारी से स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर गिर गई। इससे उनके हाथ पर भी चोट आई। बाइक सवार गोहाना अड्डे की तरफ फरार हो गए। एकत्रित भीड़ ने उन्हें उठाया।
अपने ही शहर में सुरक्षित नहीं महिलाएं
डॉक्टर रीटा ने बताया कि इस तरह की वारदात चिंता का विषय हैं। क्योंकि एक चलती स्कूटी पर महिला डॉक्टर की चेन तोड़ी जा सकती है तो पैदल महिलाएं कैसे बच सकती हैं। झपटमार दिनदहाड़े वारदात अंजाम दे गए, उनको पुलिस का खौफ नहीं था। दूसरा, उसे यह चेन नानी ने गिफ्ट दी थी, जिसके चलते भावनात्मक आघात भी पहुंचा है। तीसरा, वारदात से वह घायल भी हो गई। उन्हें ज्यादा चोट भी लग सकती थी।
नहीं मिली सीसीटीवी फुटेज, सीआईए भी पहुंची
महिला डॉक्टर ने मामले की सूचना पुलिस को दी। आर्य नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह व सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे देखे, लेकिन वारदात की फुटेज नहीं मिल सकी।
बाक्स
एक सप्ताह में पांचवीं वारदात
- 3 अक्तूबर : सेक्टर दो में बेटे केे ट्यूशन पर छोड़ने जा रही पीजीआई की महिला नर्सिंग ऑफिसर की चेन झपटी।
- 3 अक्तूबर : हुमायूंपुर के पास ट्रक चालक व मालिक से 15 हजार रुपये लूटे।
- 3 अक्तूबर : भालौठ के पास रोहतक आ रहे युवकों से बाइक, मोबाइल फोन व नकदी छीनी।
- 7 अक्तूबर : गढ़ी बोहर के पास बैंक्वेट हॉल संचालक से डेढ़ लाख लूटे, हालांकि मामला पुलिस लेनदेन के विवाद का बता रही।
वर्जन-
गश्त में होगा बदलाव, टीमों की संख्या बढ़ेगी
त्योहारी सीजन में लोगों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, इसका असामाजिक तत्व फायदा उठा रहे हैं। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 की दो दर्जन टीमों के अलावा हर थाने की पीसीआर व राइडर हैं। साथ ही एसएचओ की स्पेशल टीमें भी हैं। नाकों की संख्या बढ़ाने की जगह पुलिस स्पेशल टीमों की गश्त बढ़ाएगी। खासकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सिविल वर्दी में भी पुलिसकर्मी गश्त करेंगे।
- उदय सिंह मीना, एसपी रोहतक