रोहतक। सुंडाना-काहनौर रोड पर शनिवार की रात साढ़े नौ बजे कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर में सुंडाना निवासी प्रदीप (32) की मौत हो गई। कलानौर थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग की एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में सुंडाना गांव निवासी संदीप ने बताया कि प्राइवेट गाड़ियों पर पांच साल से ड्राइवर की नौकरी करता है। साथ ही उसका दोस्त प्रदीप ट्रक चलाता था। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों अपनी-अपनी बाइक पर गांव की तरफ आ रहे थे। वह बाइक रोककर लघुशंका के लिए चला गया।
विज्ञापन
उसने देखा कि एक कार तेजी से आई प्रदीप की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। निजी वाहन से वह प्रदीप को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में लेकर आया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत
घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई संजीत कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रहे हैं। फुटेज मिली तो आरोपी कार चालक का पता लग सकता है।