रोहतक। महाशिवरात्रि पर भोले बाबा की भव्य शिव बरात 15 फरवरी को शाम 5 बजे नगर के नर्मदेश्वर महालिंगम मंदिर से पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ निकाली जाएगी। 14 फरवरी को नर्मदेश्वर महालिंगम समिति ने शिव और शक्ति के दिव्य, पवित्र और सनातन प्रेम के रूप में मनाने का संकल्प लिया।
इस दिन रात्रि को मंदिर में शिव-शक्ति के संगीत, हल्दी एवं मेहंदी उत्सव का भव्य आयोजन होगा। नर्मदेश्वर समिति के प्रधान सेवक जगदीश मलिक ने बताया कि भोले बाबा की बरात में भगवान शिव दूल्हे के स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे।
बरात में शिवगण, भूत-प्रेत, गण, अघोरी साधु, देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े, डमरू नाद और शंखध्वनि के साथ पूरा नगर शिवमय हो जाएगा।
डॉ. संदीप पाठक ने बताया कि शिव बरात नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी जहां श्रद्धालु पुष्प वर्षा कर भोले बाबा का स्वागत करेंगे। मंदिर परिसर एवं बरात मार्ग को विशेष रूप से सजाया जाएगा और जगह-जगह भजन-कीर्तन की सुंदर व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा महाशिवरात्रि के लिए अन्य मंदिरों में भी तैयारियां की जा रही हैं।
-
शिव धाम शिवालय मंदिर में बना तोरण द्वार
शिव मंदिर नीलकंठ समाज सेवा समिति की ओर से वैश्य कॉलेज रोड स्थित शिव धाम शिवालय मंदिर में बुधवार को महिला मंडल की तरफ से कीर्तन किया गया। मंदिर में शिवरात्रि की भव्य तैयारिया चल रही हैं। शिव धाम शिवालय मंदिर में तोरण द्वार बनकर तैयार हो गया है। सेवक सचिन ने बताया कि शिवरात्रि पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ेंगे।