17सीटीके01-सिंचाई विभाग रोहतक के विश्राम गृह में बैठक करते ब्राह्मण सभा के सदस्य। सभा
ब्राह्मण सभा ने विधानसभा में विधायक रामकुमार गौतम व मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के बीच हुए प्रकरण में राजनीति चमकाने वालों की निंदा की है, साथ ही लोगों से समाज के नाम पर राजनीति करने वालों से सावधान रहने की अपील की गई है। कैनाल रेस्ट हाउस में इस मुद्दे पर चर्चा करते हुए इस प्रकरण से समाज के मान-सम्मान को किसी भी तरह की हानि नहीं होने का दावा किया गया है।
ब्राह्मण सभा ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि विधानसभा में मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा व विधायक रामकुमार गौतम के बीच हुए प्रकरण से समाज के मान-सम्मान को कोई हानि नहीं पहुंची है। कैबिनेट मंत्री की अपनी अलग पहचान है। वह 36 बिरादरी को साथ लेकर चलते हैं। समाज को सर्वोपरि मानते हुए समाज हित के लिए लड़ाई लड़ी है। विधायक रामकुमार गौतम भी सम्मानित नेता हैं। वह समाज की जायज मांगों को उठाते रहे हैं।
शहर का एक कथित समाजसेवी इस प्रकरण में अपनी राजनीति चमकाने के लिए अनरगल बयानबाजी कर रहा है। ब्राह्मण समाज का इनके बयानों से कोई सरोकार नहीं है। दो नेताओं की आपसी चर्चा पूरे समाज पर थोप कर इसका राजनीतिकरण करना गलत है। इनसे हमें बचना चाहिए। इस मौके पर हरीश कौशिक, ललित कौशिक, रणधीर भारद्वाज, सरपंच चुन्नीलाल, सतीश पहरावर, एडवोकेट सतीश कौशिक, आनंद शर्मा, प्रदीप ककराना, शुभम भारद्वाज समेत अनेक लोग मौजूद रहे।