कोरोना संक्रमण को लेकर सावधान हो जाएं। क्योंकि मरीजों की बढ़ती संख्या के साथ अब मृतकों की संख्या की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को तीन और कोरोना संक्रमितों ने उपचार के दौरान पीजीआईएमएस में दम तोड़ दिया है। पिछले पांच दिनों में 15 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। हर दिन जिले में तीन-तीन नए कोरोना संक्रमितों की उपचार के दौरान मौत हो रही है। फिलहाल जिले में 9881 कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं और अब तक 106 मरीज उपचार के दौरान दम तोड़ चुके हैं। व्यापारी नेताओं ने रविवार को बाजार पूरी तरह बंद रखने व रात को कर्फ्यू लगाने की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में शनिवार को 101 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 930 हो गई है। इसमें से पीजीआईएमएस में 67 मरीज उपचाराधीन हैं और 863 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं अब तक 8845 कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। जिले में फिलहाल कोरोना संक्रमण बढ़ने का प्रतिशत 5.39 हो गया है और रिकवरी रेट 89.50 प्रतिशत पहुंच गया है। गौरतलब है कि विभाग की ओर से अब तक 183162 सैंपल की कोरोना जांच हो चुकी है, इसमें से 172691 की जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली है।
दो महिला व एक बुजुर्ग ने तोड़ा दम
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने महम में 75 साल की महिला, वार्ड सात में 61 साल की महिला व जगदीश कॉलोनी में 70 साल के बुजुर्ग की मौत की पुष्टि की है। तीनों ने कोरोना संक्रमण के उपचार के दौरान अपनी जान गंवाई है।
ये मिले संक्रमित
पीजीआईएमएस की डॉक्टर, प्रोफेसर, गृहिणी, विद्यार्थी-शिक्षक, हरियाणा पुलिस के जवान, बुजुर्ग, बिजनेसमैन, दुकानदार, एसबीआई बैंक का स्टाफ, एलआईसी कर्मचारी, डीटीसी का स्टाफ, एमडीयू व दिल्ली अस्पताल की स्टाफ, मजदूर, स्वस्थ आहार का स्टाफ, किसान, वकील आदि।
बाजारों में नहीं रुक रही भीड़, सुरक्षा इंतजाम भी हवा में
बाजारों में भीड़ नहीं रुक रही है, जबकि कोरोना संक्रमण के चलते मरीजों की मौत में इजाफा हो रहा है। बात पिछले पांच दिनों की करें तो मृतकों का प्रतिशत लगभग तीन व तीन से अधिक चल रहा है। प्रदेश के प्रमुख नोडल अधिकारी कोविड-19 डॉ. ध्रुव चौधरी बताते हैं कि यदि जनता लापरवाही बरतेगी तो कोरोना और भयंकर रूप लेगा। मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या भी बढ़ रही है, इसलिए लोगों को अलर्ट रहना चाहिए। बाजार में ग्राहक-दुकानदार हर कोई बगैर मास्क घूम रहा है, कहीं पर सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। यह गंभीर स्थिति है। अनलॉक प्रकिया शुरू होने के साथ ही अधिक लापरवाही बरती जा रही है। लोगों से अपील है कि विश्व स्तर पर आई इस समस्या से अकेले कोई सरकार व चिकित्सक नहीं लड़ सकते। इसमें लोगों का सहयोग जरूरी है। वैक्सीन या दवाई के आने तक मास्क लगाएं और सैनिटाइजर का प्रयोग करें। बार-बार हाथ धोएं।
कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। सरकार ने बगैर मास्क घूमने वालों लोगों पर सख्ती करने के आदेश जारी किए हैं। जो बगैर मास्क घूमता मिलेगा, उसका चालान किया जाएगा। लोगों की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वह अपनी और अन्य लोगों को संक्रमण से बचाएं।
- डॉ. अनिल बिरला, सिविल सर्जन।
छह विद्यार्थी व चार शिक्षक संक्रमित, पांच की रिपोर्ट लंबित
रोहतक। कोरोना संक्रमण का असर विद्यार्थियों व शिक्षकों पर भी पड़ रहा है। हर दिन की तरह शनिवार को भी छह विद्यार्थी व चार शिक्षक कोरोना से ग्रस्त पाए गए हैं। इसके अलावा शुक्रवार को 152 आरटी पीसीआर के जांच सैंपल में पांच की जांच रिपोर्ट लंबित है। बताया जा रहा है कि ये सभी सैंपल सांपला क्षेत्र के स्कूली बच्चों के हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्कूल बंद होने की घोषणा के बाद स्कूलों में जांच सैंपल लेना बंद कर दिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग सब्जी मंडी व अनाज मंडी में व्यापारियों, आढ़तियों व मासाखोरों की स्क्रीनिंग करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए प्रधानों से संपर्क किया जा रहा है कि वह एक स्थान पर मिलें, ताकि सभी के सैंपल जांचे जा सकें। इससे संक्रमण को आगे फैलने से रोका जा सकेगा।
कोरोना से किला रोड के व्यापारी की मौत, फिर भी नहीं लगा रहे मास्क
रोहतक। शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक किला रोड बाजार के एक कॉस्मेटिक के व्यापारी की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई है। बावजूद इसके बाजार में लापरवाही बरती जा रही है। न केवल सड़क के बीचोंबीच रेहड़ी लग रही हैं, बल्कि दोपहिया वाहन भी खड़े रहते हैं। ऊपर से सैकड़ों की संख्या में बिना मास्क लगाए लोग घूम रहे हैं। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। अब संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 10 हजार के करीब पहुंच गया है। ऊपर से मरने वालों की संख्या भी शतक लगा चुकी है। बावजूद इसके लोग लापरवाही बरत रहे हैं। पहले जहां व्यापारी दीपावली तक राहत मांग रहे थे, अब भी लापरवाही बरत रहे हैं। शासन व प्रशासन भी मौत के बढ़ते आंकड़ों के बावजूद मौन साधे हुए हैं। इससे हालात दिन-प्रतिदिन खराब होते जा रहे हैं। शनिवार को भी तीन मरीजों ने कोरोना के चलते दम तोड़ दिया। डीएलएफ कॉलोनी निवासी किला रोड के एक व्यापारी ने सात-आठ साल पहले ऑपरेशन करवाया था। त्योहारी सीजन में वह दुकान पर आ रहा था। दो दिन पहले उसकी कोरोना संक्रमण से मौत हो गई।