Government will make biofuel by purchasing Rs 120 per quintal straw from farmers, set up briquette plant in Kaithal
- फोटो : RohtakCity
प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि प्रदेश के चीनी मिलों को घाटे में नहीं रहने देंगे। कैथल में जहां बायोफ्यूल ब्रिकेट प्लांट लगाया गया है, वहीं महम, कैथल व पलवल में आर्गेनिक गुड़ व शक्कर बनाकर बेची जाएगी। जबकि रोहतक चीनी मिल में रिफाइंड चीनी तैयारी होगी, जो एक व 5 किलो के बैग में बेची जाएगी। सहकारिता मंत्री वीरवार को महम चीनी मिल के नए पेराई सत्र का शुभारंभ कर रहे थे। डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि कैथल चीनी मिल में बायोफ्यूल ब्रिकेट प्लांट संयंत्र लगाया जा चुका है। इस प्लांट में बगास गिट्टी को एक आधुनिक इंधन के रूप में प्रयोग किया जाता है और यह कोयले का एक बेहतर विकल्प है। बाद में यह प्रयोग दूसरे चीनी मिलों में भी किया जाएगा। इसके अलावा सरकार ने 120 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से पराली खरीदने का निर्णय लिया है, जिसके ब्रिकेट्स बनाए जाएंगे। इससे एक तो किसानों को आर्थिक रूप से लाभ पहुंचेगा, दूसरा प्रदूषण भी नहीं होगा। शाहाबाद चीनी मिल में एथलॉन बनाने का प्लांट मार्च माह में चालू होगा। इसी प्रकार से महम, कैथल व पलवल की चीनी मिलों में आर्गेनिक गुड़ व शक्कर का उत्पादन 15-20 दिनों में आरंभ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रोहतक चीनी मिल में रिफाइंड चीनी बनाने का कार्य शुरू किया गया है तथा इसकी पैकिंग पांच व एक किलो की बनाई जाएगी।
महम चीनी मिल में 10 रुपये में मिलेगा किसानों को खाना
सहकारिता मंत्री ने बताया कि 15 दिनों में महम चीनी मिल में अटल किसान कैंटीन चालू हो जाएगी। इस कैंटीन में 10 रुपये में किसानों को खाना मिलेगा। उन्होंने कहा कि एक थाली पर 25 रुपये खर्च आता है, लेकिन किसान को केवल 10 रुपये देने होंगे। 15 रुपये प्रति थाली का खर्च सरकार वहन करेगी। इस मौके पर सहकारी चीनी मिल प्रसंग लिमिटेड पंचकूला के अध्यक्ष एवं शाहबाद से विधायक रामकरण, एडीसी महेंद्रपाल, एमडी शुगर फेड कैप्टन शक्ति सिंह, प्रबंध निदेशक चीनी मिल महम जगदीप सिंह भी मौजूद रहे। सहकारिता मंत्री ने बैलगाड़ी से आए सत्य नारायण व राजकुमार निवासी सिंघवा, ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लाने वाले चालक वजीर व बलजीत गांव बडाला और खरकड़ा परचेज सेंटर से ट्रक में गन्ना लाने वाले चालक राजेंद्र सिंह व अनिल कुमार खरक खुर्द को शॉल भेंटकर सम्मानित किया।