रोहतक। ठाकुर टिकाना मंदिर, किला मोहल्ला में सोमवार को बस्ती उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य महंत बाबा बंसी दास द्वारा हवन-यज्ञ से की गई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यवक्ता सुभाष आहूजा एवं मुख्यातिथि सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राजेश जाले उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। सेवा केंद्र के बच्चों व बहनों ने श्रीकृष्ण-सुदामा मित्रता पर नाटक तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
मुख्यातिथि डॉ. जाले ने कहा कि यह संगठन समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्य वक्ता सुभाष आहूजा ने सेवा भारती के इतिहास, उद्देश्यों एवं शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन व सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष डॉ. ज्योति ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में लगभग 150 लोगों की उपस्थिति रही।